गाजियाबाद। नगरीय निकाय चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर विकास भवन स्थित सभागार में निकाय चुनाव के लिए मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी कार्मिक प्रशिक्षण की अध्यक्षता में प्रशिक्षण दिया गया। पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव कराना सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए चुनाव प्रक्रिया की पूरी जानकारी होनी चाहिए। विकास भवन के सभागार में यह ट्रेनिंग शुरू की गई। प्रशिक्षण के बाद मास्टर ट्रेनर्स अन्य चुनाव कार्मिकों को चुनाव संपन्न कराने की प्रक्रिया समझाएंगे। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) व बैलेट पेपर से मतदान कराने के साथ मतदान कराने वाले कार्मिकों को भी प्रशिक्षण देंगे। जिले में नगर निगम एवं चार नगर पालिका परिषद और चार नगर पंचायत को मिलाकर 9 निकाय के चुनाव होने है।

चुनाव में 12,893 कार्मिकों को तैनात किए गए हैं। नगर निगम के 100 वार्डों का ईवीएम से मतदान होगा। इसके लिए 1264 बूथ बनाए गए है। इन सभी पर ईवीएम मशीन लगाई जाएगी। जबकि 20 फीसदी ईवीएम अतिरिक्त रिजर्व में रखी जाएगी। एक बूथ पर पांच कार्मिक तैनात रहेंगे। इससे पहले मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कई चरणों में होगा। चुनाव की विधि, मतदान बूथ तैयारी, मतदान केंद्रों आदि का मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। नगर निगम के अलावा नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत में मतपेटी से मतदान होगा।
इनमें बूथों की संख्या 1107 है। इन सभी पर चार-चार कार्मिक तैनात होंगे। मतदान से पहले सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे पहले मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण होना है। यह प्रशिक्षण कई चरणों में होगा। इस प्रशिक्षण अभ्यास में शामिल होने वाले प्रत्येक मास्टर टे्रनर को इस तरह से तैयार किया जा रहा है ताकि वह निकाय चुनाव में स्थानीय निर्वाचन अधिकारियों के साथ सहयोग से निर्देश दे सकें। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी सीडीओ ने बताया कि आगामी 16 अप्रैल रविवार को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही रविवार को ही मोहननगर स्थित आईटीएस कॉलेज के सभागार में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बाकी कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू होगा।
















