कर्मचारियों का वेतन दिलाने की पुरजोर मांग
गाजियाबाद। नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर के कर्मचारियों को वेतन न मिलने पर अब कुछ पार्षद आगे आए हैं। इन पार्षदों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की शिकायत की है। नगर पालिका में आउट सोर्सिंग पर तैनात कर्मचारी पिछले 2 माह से वेतन के लिए तरस रहे हैं। अधिशासी अधिकारी के.के. भड़ाना का कहना है कि वेतन बिलों पर चेयरमैन रीना भाटी ने हस्ताक्षर नहीं किए हैं। इस कारण वेतन का भुगतान रूका पड़ा है। उधर, पार्षदों का कहना है कि नगर पालिका में सनराइज टेक्नोलॉजी इंडिया कंपनी द्वारा कर्मचारी रखे गए हैं। सभी कर्मचारी पूर्ण निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। इन कार्मिकों को वेतन दिलाने का अधिकार नगर पालिका चेयरमैन रीना भाटी और अधिशासी अधिकारी के.के. भड़ाना का है, मगर दोनों इस मामले में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। इससे कर्मचारियों की परेशानी बढ़ी हुई हैं। सर्वोच्च न्यायालय की गाइड लाइन के अनुसार श्रमिकों को अपना श्रम प्राप्त करने का मौलिक अधिकार प्राप्त है, मगर नगर पालिका में कार्मिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। पार्षदों ने डीएम से इस प्रकरण हस्तक्षेप करने की मांग की है। बता दें कि खोड़ा नगर पालिका परिषद में लंबे समय से चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के बीच मतभेद चल रहे हैं। अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों को वेतन न मिलने की वजह के संबंध में कुछ दिन पहले डीएम को रिपोर्ट भेजकर अवगत करा दिया था। इसके बाद भी यह मामला जस का तस है।
















