ऐतिहासिक होगा 7 नवंबर का राष्ट्र जागरण दिवस 

-कई प्रसिद्ध विद्धान हिन्दी भवन में व्यक्त करेंगे अपने विचार

गाजियाबाद। महानगर की पांच विभिन्न सामाजिक संस्थाएं सनातन धर्म की रक्षा के लिए यहां 7 नवंबर को राष्ट्र जागरण दिवस का आयोजन करेंगी। कार्यक्रम हिन्दी भवन में पूर्वांहन 11 बजे से प्रारंभ होगा और इसमें देशभर के प्रसिद्ध विद्धान विचार व्यक्त करेंगे। राष्ट्रीय सैनिक संस्था, परमार्थ समिति, शहीद स्मृति फाउंडेशन, अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा एवं विश्व ब्राह्मण संघ ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को डायमंड स्थित अग्रसेन वाटिका में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर चक्र प्राप्त कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि अब तक हम अपने पुरातन संस्कारों दया, क्षमा, करुणा, सहनशीलता, अतिथि सत्कार आदि का अनुसरण करते रहे, परन्तु अब हम राष्ट्र की सुरक्षा के लिए जो भी चाणक्य नीति अपनानी होगी उसे अपनाने में संकोच नहीं करेंगे। इसी उद्देश्य को लेकर सात नवम्बर को यह जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र हितकारी और परमार्थ समिति के संस्थापक अध्यक्ष वीके अग्रवाल ने बताया की राष्ट्रीय जागरण कायक्रम में आध्यात्म गुरु डॉ. पवन सिन्हा, हिन्दू विचारक पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ, सुशील पंडित, कर्नल आरएसएन सिंह, श्रद्धेय नवनीत प्रियदास, वरिष्ठ पत्रकार व शायर राज कौशिक भाग लेंगे। सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र हितकारी ने कहा कि देश में इस कुछ राष्ट्र विरोधी ताकतों ने कुचक्र चलाया हुआ है। सनातन हिन्दुत्व को भी कमजोर करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने सभी देश भक्त नागरिकों एवं गौरव सेनानियों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। श्री हितकारी ने दावा किया कि कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और यह भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। विश्व ब्राह्मण संघ के प्रतिनिधि बीके शर्मा ने कहा की कार्यक्रम में न कोई अध्यक्ष होगा, न कोई मुख्य अतिथि केवल राष्ट्रीय स्तर के देश भक्त स्पीकर होंगे। कार्यक्रम में मंथन कर आगामी रणनीति भी तय की जाएगी। इस अवसर पर मौके पर परमार्थ समिति के चेयरमैन वीके अग्रवाल, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र हितकारी, राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी, हरविलास गुप्ता शहीद स्मृति फाउंडेशन के अध्यक्ष, राजीव मोहन सर्वोदय हॉस्पिटल के सीएमओ डॉक्टर नीरज गर्ग, विश्व ब्राह्मण संघ के प्रवक्ता बीके शर्मा हनुमान, अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी आदि प्रेस वार्ता में मौजूद थे।