-नगर निगम ने चलाया जागरूकता अभियान
गाजियाबाद। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम ने जीरो वेस्ट पर समारोह आयोजित करने की तैयारी तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जागरूकता अभियान चलाया गया है। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर जागरूकता अभियान चला। स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए शहर में होने वाले निजी कार्यक्रम भी अब जीरो वेस्ट पर आधारित होंगे। एसबीएम में इस प्रकार का एक नियम जुड़ा है। इसे ध्यान में रखकर नगर निगम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। नामित सदस्य प्रदीप चौहान एवं राकेश त्यागी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश के नेतृत्व में जूडो-कराटे का कार्यक्रम आयोजित कराया। यह कार्यक्रम एसबीएम के अंतर्गत पूर्ण रूप से जीरो वेस्ट पर आधारित रहा। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। नगर निगम द्वारा बर्तन बैंक व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर आशा शर्मा ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग कार्यक्रम में मौजूद बच्चों एवं अभिभावकों का मनोबल बढ़ाया।
मेयर आशा शर्मा ने बताया कि व्यक्तिगत कार्यक्रम बर्थडे पार्टी, विवाह समारोह व अन्य कोई भी व्यक्तिगत समारोह भी जीरो वेस्ट पर आधारित होने चाहिए, जिससे शहर में गंदगी को मात दी जा सकेगी। साथ शहर को कचरा मुक्त बनाने में सहयोग मिलेगा। नगरायुक्त ने बताया कि जीरो वेस्ट अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए सभी सरकारी विभागों को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। उनके द्वारा आयोजित किसी भी कार्यक्रम को जीरो बेस पर आधारित करें। नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए एसबीएम में जुड़े इस नियम के आधार पर सरकारी कार्यक्रम तथा अन्य व्यक्तिगत कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं।















