पचास लाख की अफीम झारखंड से गाजियाबाद में करनी थी सप्लाई, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

गाजियाबाद। झारखंड से गाजियाबाद में अफीम की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय तस्कर को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर झारखंड से अफीम खरीदकर उसे दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब समेत विभिन्न राज्यों में ऑन डिमांड सप्लाई करता था। रात भी दिल्ली-यूपी बॉर्डर के पास सप्लाई करने के लिए झारखंड से आया हुआ था। बरामद अफीम की कीमत करीब 50 लाख रुपए है।
एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात को नंदग्राम कट के पास से मुकुल दांगी पुत्र इन्द्रदेव निवासी ग्राम दरियातु जिला चतरा झारखंड को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से दो किलो अफीम बरामद किया गया। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपए है।

उन्होंने बताया पकड़ा गया आरोपी पांचवी पास है और झारखंड में खेती करता है। खेती में कमाई ना होने के कारण मादक पदार्थों की तस्करी करने लगा। झारखंड में मादक पदार्थों का काम बड़े स्तर पर होता है। जिसके कुछ साथी गांजा और अफीम झारखंड से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली-एनसीआर में जाकर तस्करी करते थे। जिनके साथ यह भी जाने लगा। आरोपी की शुरुआत अपने साथी के साथ एक जगह सप्लाई करने पर जब 10 हजार रुपए मिले तो उसका लालच और बढ़ गया। जिसके बाद आरोपी रांची के रहने वाले आदित्य उर्फ आदि के संपर्क में आया और तस्करी करने लगा। अफीम व अन्य नशीले पदार्थ लेकर बरेली, बदांयू, मुरादाबाद, गाजियाबाद, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व एनसीआर में डिमाण्ड के अनुसार सप्लाई करने लगा।

जैसे ही कहीं से डिमांड आती तो झारखंड से गांजा व अफीम लेकर ट्रेन, बस से लेकर आता था। इस दौरान रास्ते में कई गाडिय़ों को बदलता रहता था और मोबाइल भी बंद रखता था। जिससे कोई जल्दी से ट्रेस ना कर सकें। माल पहुंचाने के बाद रुपए लेकर वापस झारखंड चला जाता था। शुक्रवार रात भी गाजियाबाद दिल्ली बॉर्डर के पास 2 किलोग्राम अफीम सप्लाई का ऑर्डर मिला था, माल डिलीवरी करने से पहले ही क्राइम ब्रांच की टीम ने दबोच लिया। क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया पकड़े गए तस्कर से पूछताछ में कई जानकारी मिली है। जिस पर टीम कार्रवाई कर रही है। जल्द ही मादक पदार्थों की तस्करी के इस नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।