farmer-Protest-हमारा विरोध सरकार से नही उनकी नीतियों से: चौ. नरेश टिकैत

-महापंचायत को हजारों ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे किसान

farmer-protest

farmer-Protest-गाजियाबाद। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में आज यानि कि शनिवार 26 जून को किसानों की होने वाली महापंचायत को लेकर हजारों की संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर किसान यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। ट्रैक्टर और खुली जीप में किसानों के साथ सवार होकर यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि हमारा सरकार से विरोध नहीं है बल्कि सरकार की नीतियों का विरोध है। सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़े और किसानों की मांग को सुनने के बाद निर्णय लें। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों को हल्के में न लें।किसान साल-2022 के विधानसभा चुनाव में सोच समझ कर फैसला करेंगे। बॉर्डर के लिए किसान ट्रैक्टर रैली की शुरुआत करते हुए कहा कि किसान कृषि कानूनों को लेकर अपनी मांग माने जाने तक घर वापसी नहीं करेंगे और अब 2022 के चुनाव में भी सोच-समझ कर फैसला लेंगे। हमारा विरोध सरकार से नहीं है, उसकी नीतियों से है। हमने भी वोट भाजपा को दिया है ओर हमें अपनी मांग रखने का हक है। सरकार किसानों को हल्के में लेने की भूल ना करें। वहीं,भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन,प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह, ओमपाल सिंह, राजेश सिंह, बिजेंद्र सिंह, शूटर शमशेर राणा,धर्मेंद्र मलिक आदि किसानों की मौजूदगी में कहा कि किसान फिर शक्ति प्रदर्शन को तैयार है। ट्रैक्टर-ट्रॉली दिल्ली का रास्ता न भूल जाएं। इसलिए रिहर्सल करनी पड़ती है। नए कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को 7 माह पूरे हो जाएंगे। किसानों ने एक बार फिर सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ ट्रैक्टर रैली की रिहर्सल की। किसानों ने यहां 26 जून को किसान आंदोलन के 7 महीने पूरे होने पर किसानों की व्यापक रैली और प्रदर्शन की तैयारी की है। इस दौरान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों के साथ रिहर्सल किया। उन्होंने कहा कि यह रिहर्सल इसलिए हो रही है कि 26 तारीख नजदीक है। किसान 26 तारीख को कभी नहीं भूलेगा। हर महीने 26 तारीख आएगी, किसान ट्रैक्टरों की रिहर्सल करेगा। ट्रैक्टर दिल्ली का रास्ता न भूल जाएं इसलिए इनकी रिहर्सल करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि सरकार फिर किसानों से बात करेगी। अगर बातचीत नहीं करेगी तो वह अगला कदम उठाएंगे। ये आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक भारत सरकार कानून वापस नहीं लेगी और एमएसपी पर कानून नहीं बनाएगी। शुक्रवार को सहारनपुर जनपद से चलकर हजारों की संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर यूपी गेट बॉर्डर पर पहुंचे। किसानों की आज 26 जून को बॉर्डर पर महापंचायत होगी। बॉर्डर पर आज होने वाली सभा को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस ने कड़े इंतजाम किए है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई हैं। वहीं,सहारनपुर से चलकर मुजफ्फरनगर,मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा से किसान ट्रैक्टर यात्रा के दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर रवाना होने से पहले किसानों को संबोधित करते हुए नरेश टिकैत ने कहा कि किसान अपनी मांगें नहीं माने जाने तक घर वापसी को तैयार नहीं हैं। कृषि कानूनों की वापसी के लिए किसानों ने करो या मरो का संकल्प लिया है और किसान कृषि कानूनों को वापस कराकर रहेंगे। किसानों की ट्रैक्टर यात्रा के कारण कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। ट्रैक्टर यात्रा संग भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। आज यानि कि शनिवार को महापंचायत कर किसान अपना दम दिखाएंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हजारों की संख्या में किसान आज यहां पहुंचेंगे।