पंचायत चुनाव: नामांकन प्रक्रिया शुरू, दावेदारों में उत्साह

-जिला पंचायत के 111, ग्राम प्रधान व सदस्यों समेत 612 दावेदारों ने नामांकन किए दाखिल पत्र

गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शनिवार से आरंभ हो गई। नामांकन दाखिल करने के लिए दावेदारों में काफी उत्साह दिखाई दिया। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए जिला मुख्यालय में नामांकन दाखिल करने की व्यवस्था की गई। एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह की कोर्ट कक्ष संख्या-128 में रिटर्निं ऑफिसर एडीएम (भूमि एं अध्याप्ति) कमलेश चंद्र वाजपेयी के समक्ष जिला पंचायत सदस्य पद के लिए पहले दिन कुल 111 नामांकन दाखिल किए गए। जिला पंचायत सदस्य के लिए 14 वार्ड सीट हैं। नामांकन दाखिल होने के कारण डीआईजी अमित पाठक ने नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कोविड नियमों का अनुपालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नामांकन कक्ष से लेकर जिला मुख्यालय के बाहरी परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, कलेक्ट्रेट में एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने नामांकन कक्ष और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कराकर पुलिस कर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट में कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के अलावा सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा भी मुस्तैद रहे। जिला मुख्यालय में जिला पंचायत सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। गेट से लेकर नामांकन कक्ष तक चार स्थानों पर पुलिस कर्मियों के अलावा एलआईयू जवान तैनात रहे। वहीं, गेट पर डीएफएमडी मशीन से अंदर जाने दिया गया। भीड़ के साथ नामांकन करने पहुंचे प्रत्याशियों को बाहर गेट पर ही रोका गया। सिर्फ 2 लोगों को ही प्रत्याशी के साथ जाने की अनुमति दी गई। जिला पंचायत के आरओ एडीएम (एलए) ने बताया कि पहले दिन पंचायत सदस्यों के लिए 111 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। जिले में आज यानि कि रविवार को शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य पद से लेकर ग्राम प्रधान, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य समेत 6 दिन में 5772 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे। इनमें 318 नामांकन पत्र जिला पंचायत सदस्य की सभी 14 वार्ड सीटों के लिए खरीदे गए। जिले में पहले चरण में 15 अपै्रल को होने वाले मतदान के मद्देनजर आज 4 अपै्रल को चारों ब्लॉक कार्यालय में ग्राम प्रधान, बीडीसी और क्षेत्र पंचायत सदस्य के नामांकन दाखिल होंगे। नामांकन पत्र जमा कराने के लिए आ रहे प्रत्याशियों व उनके साथ आने वालों को कार्यालय के मुख्य द्वार पर सरकार द्वारा जारी कोविड 19 की गाइड लाइन का पालन करते जांच के उपरांत मास्क लगाकर ही प्रवेश करने दिया जा रहा था।
ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्यों ने दाखिल किए पत्र
जनपद में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 612 नामांकन विकास खंड ब्लॉक कार्यालयों में दाखिल किए गए। वहां भीड़ को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। जिले में ग्राम प्रधान के 161 पदों के लिए पहले दिन भोजपुर, रजापुर, लोनी और मुरादनगर ब्लॉक में 280, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 323 पदों के सापेक्ष करीब 200, और ग्राम पंचायत सदस्य के 2141 पदों के सापेक्ष सभी 4 ब्लॉक में 132 नामांकन दाखिल किए गए। 5 और 6 अपै्रल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। जबकि 7 अपै्रल को नामांकन पत्रों की वापिसी और शाम को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने डीआईजी अमित पाठक के साथ सभी ब्लॉक में व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए हैं। पंचायत चुनाव में 311 मतदान केंद्रों पर 958 बूथ बनाए गए हैं। जनपद को 21 जोन और 78 सेक्टर में बांटा गया है, जिससे शांति व्यवस्था मजबूत रहे। जनपद में 132 बूथ अति संवेदनशील प्लस, 114 बूथ अति संवेदनशील और 57 बूथ संवेदनशील हैं। जिन पर विशेष नजर रखी जाएगी। चुनाव में 3832 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। 20 फीसद स्टाफ को रिजर्व में रखा गया है। जिला पंचायत सदस्य वार्ड-2 से रालोद प्रत्याशी रवीना चौधरी, वार्ड-3 से गौरव, वार्ड-6 से आशा त्यागी, वार्ड-7 अमित त्यागी, वार्ड-8 पुष्पेंद्र गुर्जर, वार्ड-11 से जितेंद्र पार्चा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, वार्ड-9 रजापुर ब्लॉक से सास जगवती और बहू रचना ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर-1 से ताज चौधरी ने पहला नामांकन किया।