नामांकन प्रक्रिया: चालान जमा करने के लिए उम्मीदवारों की उमड़ी भीड़

-कोविड प्रोटोकॉल की उड़ी जमकर धज्जियां

गाजियाबाद। जनपद में शनिवार से आरंभ पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां भी खूब उड़ीं। भारतीय स्टेट बैंक की कलेक्ट्रेट परिसर ब्रांच में चालान जमा कराने के लिए उम्मीदवार सुबह 6 बजे से पहुंच गए थे, मगर बैंक के काउंटर सुबह 9 बजे खुले। वहां आए नागरिकों का कहना है था कि अगर ब्लॉक स्तर पर चालान जमा करने की सुविधा जिला प्रशासन द्वारा मुहैया कराई जाती तो उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। रविवार यानि कि 4 अपै्रल को नामांकन का आखिरी दिन है। ऐसे में उम्मीदवारों की भीड़ जमानत धनराशि का चालान जमा करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के बाहर उमड़ पड़ी। बता देंं कि नामांकन के लिए सिर्फ दो ही उम्मीदवारों को मिले थे। लोगों का आरोप है कि सुबह 8 बजे से खुलने वाले काउंटर एक घंटे की देरी से खोले गए। सर्वर भी बीच मे कई बार डाउन हुआ।इसकी वजह से बैंक की शाखा के बाहर उम्मीदवारों की लंबी लाइन लग गई। इसमें कोरोना से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा जारी नियमों का उल्लंघन किया गया। जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बन रहा है। चालान जमा करने के लिए उम्मीदवार सुबह 6 बजे से ही बैंक पहुंच गए थे। कलेक्ट्रेट में एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह की कोर्ट रूम नंबर-128 में जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए जा रहे है। लेकिन चालान फार्म जमा कराने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ बैंक की शाखा के बाहर उमड़ पड़ी। लोनी और मसूरी के अलावा मुरादनगर,मोदीनगर से आए लोग सुबह से ही लाइन में लगे रहे। शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल किए गए। मगर लाइन में घंटों इंतजार करने के बाद फार्म जमा किए जा सके। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर को आदेश जारी करते हुए कहा था कि बैंक की सभी शाखा शनिवार और रविवार को सुबह 8 बजे से खोली जाए। मगर एक घंटे की देरी से काउंटर खुलने की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं,जिले में कई जगह पर रुट डायवर्ट कर वैकल्पिक रोड से जाने दिया गया। रजापुर ब्लॉक के सामने नामांकन के दौरान भयंकर जाम लग गया। लोगों ने अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर दिया था। इसकी वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। जाम लगने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले में पहले चरण 15 अपै्रल को होने वाले चुनाव के मद्देनजर शनिवार और रविवार को नामांकन दाखिल होने हैं।