स्वच्छता से खिलवाड़, नगर निगम ने थमाया 12 लाख का नोटिस

गाजियाबाद। स्वच्छता से खिलवाड़ किए जाने पर नगर निगम निरंतर कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने बल्क बेस्ट जनरेटर को 12 लाख का नोटिस थमाया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर शहर की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में एसबीएम टीम धरातल पर बेहतर कार्य कर रही है, निगम की टीम ना केवल शहर के कचरे का निस्तारण करने में लगी हुई है बल्कि नियमानुसार कार्य न करने वाले प्रतिष्ठानों को भी नियम से कार्य करने के लिए प्रेरित कर रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमावली-2016 के नियम से कौशांबी की आवासीय सोसाइटी जो कि बल्क बेस्ट जनरेटर की कैटेगरी में आते हैं और उक्त सोसायटी द्वारा अपने कचरे का निस्तारण स्वयं करना था, जो कि इनके द्वारा नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा गीले तथा सूखे कचरे का उत्सर्जन भी एक साथ हो रहा है। यह नियम विरुद्ध है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 लाख रुपए का नोटिस संबंधित को जारी किया गया है। साथ ही आगे से नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए प्रेरित किया गया। वसुंधरा जोन स्थित कौशांबी की गंगा, आम्रपाली, सुमेरू, गोवर्धन, विद्यांचल, कैलाश, त्रिशूल, कंचनजंगा, धौलागिरी, मलयागिरी तथा अन्य टावर व सोसाइटी को बल्क वेस्ट जनरेटर होने पर तथा अपने कचरे का निस्तारण नियमानुसार स्वयं न करने पर नोटिस जारी किए गए हैं। नगर निगम द्वारा शहर के सभी प्रतिष्ठानों जोकि बल्क बेस्ट जनरेटर कैटेगरी में आते हैं, उनसे अपील भी की गई है कि वह अपने कचरे का निस्तारण नियमानुसार स्वयं करें तथा सूखे व गीले कचरे का निस्तारण अलग करें, जिससे ना केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा बल्कि नागरिकों का भी हित होगा।