गाजियाबाद नगर निगम के साथ मिलकर रामवीर तंवर ने तालाबों का संरक्षण पर किया काम, बढ़ा भू-जल स्तर
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद/ग्रेटर नोएडा। घटते भूजल स्तर से निपटने के लिए प्राकृतिक जल स्त्रोतों का अस्तित्व बचाने की मुहिम में जुटे रामवीर तंवर रविवार को एकाएक देशभर में छा गए। रामवीर तंवर की प्रसंसा ने एक बार फिर गाजियाबाद नगर निगम को गौरवान्वित होने का मौका दिया है। गाजियाबाद नगर निगम ने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रामवीर तंवर को अगुवा बनाया और उनके साथ मिलकर शहर के दर्जनों तालाबों का जीर्णोद्धार कराया। तालाबों के संरक्षण की मुहिम रंग लाती दिख रही है। भू-जल स्तर में बढ़ोत्तरी के साथ इस प्रयास की गुंज भी दूर-दूर तक पहुंच रही है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अभियान की तारीफ की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में रामवीर का जिक्र किया। पीएम मोदी ने उनके प्रयासों की न सिर्फ सराहना की बल्कि उनसे प्रेरणा लेने की बात भी कही। अब मनवीर तंवर की चर्चा देश के कोने-कोने में हो रही है। ग्रेटर नोएडा के नागरिक भी उन्हें बधाई दे रहे हैं। पीएम मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में कुछ ऐसे युवाओं का उल्लेख किया, जो समाज हित में लीक से हटकर कार्य कर रहे हैं। इस दरम्यान पीएम ने रामवीर तंवर का भी उल्लेख किया है। ग्रेटर नोएडा निवासी रामवीर तालाबों का अस्तित्व बचाने को कड़ी मेहनत कर रहे हैं। तालाबों के सौंदयीकरण और उन्हें पुनर्जीवित करने की मुहिम में वह पिछले 6 साल से प्रयसरत हैं। अब तक वह गौतमबुद्धनगर के अलावा गाजियाबाद, सहारनपुर, हरियाणा के पलवल, मानेसर, दिल्ली सहित लगभग 40 तालाबों को पुनर्जीवित कर चुके हैं।
रामवीर तालाबों को नया जीवनदान दिलाने के काम में शिद्दत से काम कर रहे हैं। गाजियाबाद नगर निगम ने रामवीर तंवर के साथ मिलकर तालाबों के जीर्णोद्धार को लेकर काम शुरू किया। उसका असर अब गाजियाबाद शहर में दिखाई दे रहा है। तालाबों का निर्माण और सौंदर्यीकरण चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। पहले चरण में 11 तालाबों के निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो गया है। साल के अंत तक 45 तालाबों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
महेंद्र सिंह तंवर
म्युनिसिपल कमिश्नर
गाजियाबाद।
















