नक्शा पास कराने को अब ज्यादा ढीली नहीं होगी जेब

लोनी, मुरादनगर व मोदीनगर के जीडीए ने कम की दरें

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने लोनी, मोदीनगर और मुरादनगर में आशियाना बनाने की तैयारी में जुटे नागरिकों को राहत प्रदान की है। इन तीनों आशियाना बनाने में नक्शा पास कराने में विकास शुल्क में भारी छूट दी गई है। इसके चलते मकान बनाने के लिए अब 1200 रुपए प्रति वर्ग मीटर शुल्क लेकर नक्शा पास हो जाएगा। लोनी, मोदीनगर व मुरादनगर में आवास निर्माण के लिए नक्शा पास कराने को लिया जाने वाला विकास शुल्क 3,314 रुपए प्रति वर्ग मीटर से घटाकर अब 1200 रुपए प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है। इन क्षेत्रों को छोड़कर शहरी क्षेत्र की दरों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में बीते माह मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में जीडीए से नक्शा पास कराने को लिए जाने वाले विकास शुल्क की दर कम करने का निर्णय लिया गया था। इसकी अधिसूचना जारी होने के बाद अब इस नई व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। प्रदेश शासन ने तीनों क्षेत्रों में 2,114 रुपए प्रति वर्ग मीटर की कटौती कर नागरिकों को बड़ी राहत दी है। जीडीए के सीएटीपी आशीष शिवपुरी ने बताया कि ऑनलाइन नक्शे पास किए जा रहे है। जीडीए के सभी 8 जोन अंतर्गत प्रत्येक माह लगभग 600 से 700 नक्शे पास किए जाते हैं। शहरी क्षेत्रों में नक्शा पास होने का आंकड़ा 80 फीसदी है। मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी क्षेत्र में नक्शा पास कराकर निर्माण करने वालों की संख्या बेहद कम है। लेकिन अब नई दर लागू होने के बाद इन क्षेत्रों में लोग नक्शा पास कराकर ही निर्माण कार्य करा सकेंगे। इससे जीडीए की आय में भी वृद्वि होगी। सीएटीपी का कहना है कि प्रदेश शासन ने मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में भवन बनाने को नक्शा स्वीकृत कराने के दौरान लिए जाने वाले विकास शुल्क को घटाकर 1200 रुपए प्रति वर्ग मीटर कर दिया है। इसलिए इन तीनों क्षेत्रों में अब भवन का निर्माण करने वाले नक्शा स्वीकृत कराने पर यह धनराशि ली जाएगी। इससे नक्शा स्वीकृत कराकर भवनों का निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।