देश की अस्मिता के प्रतीक है प्रभु श्रीराम: मनोज गोयल

गाजियाबाद। विश्व हिंदू परिषद अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि जुटाने का अभियान चला रही है। इस अभियान में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। जगह-जगह भाजपा व हिंदू संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं समेत आम नागरिकों ने मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पित की। रविवार को नील पद्म कुंज सेक्टर-1 वैशाली में राम मंदिर निर्माण निधि संग्रह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दरम्यान नागरिकों ने राम मंदिर निर्माण निधि में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। मंदिर निर्माण को लेकर यहां लोगों में उत्साह दिखा।

सभी ने एक स्वर में राम मंदिर निर्माण को लेकर जयघोष किया। पार्षद मनोज गोयल ने कहा प्रभु श्रीराम इस देश की अस्मिता के प्रतीक हैं। इस देश में रहने वाले प्रत्येक नागरिक के पूर्वज हैं। उन्होंने कहा कि गर्व का विषय है कि सैकड़ों वर्षों के संघर्ष के बाद प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर अयोध्या में बन रहा है और इसके लिए हम सब का सहयोग आवश्यक है। इस अवसर पर संजीव जग्गी, राम तिवारी, अंशुल काचरू, नितिन कपूर, राजीव, परवीन, दीपक गौड़, पराग बघेला, संजय दादू, कपिल पाल, राजेंद्र भट्ट, गिरीश, अश्वनी गुप्ता, अमित धर, अनुज, लक्ष्मण गौड़, श्रीधर आदि मौजूद रहे।