जनपद में पीईटी की परीक्षा की तैयारियां जोरों पर

-अधीनस्थ चयन आयोग के अध्यक्ष ने की बैठक

गाजियाबाद। आगामी 20 अगस्त को आयोजित होने वाले PET Exam की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में अध्यक्ष अधीनस्थ चयन आयोग प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिले में 33 केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराए जाने के संबंध में अध्यक्ष द्वारा निर्देश दिए गए की शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रोजगार के मद्देनजर ही इन परीक्षाओं का आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कराने के निर्देश संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा पत्र 10 से 12 अगस्त के बीच में जिले में पहुंचेंगे जो कि जिले के ट्रेजरी में सुरक्षित रखे जाएंगे। सुरक्षा के मद्देनजर सभी पेपर डबल लॉक में होंगे जिसमें एक जनरल लॉक और दूसरा नंबर लॉक रहेगा। इसके अलावा पेपर कलर कोडिंग में भी देखे जाएंगे। PET Exam के दिन इन पेपर्स को जिलाधिकारी द्वारा नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएंगे और यह पेपर कक्षा के भीतर ही खोले जाएंगे और परीक्षा के उपरांत वहीं पर सील किए जाएंगे।

उन्होंने परीक्षा की पारदर्शिता को बनाए रखने को लेकर जिले के सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा 2 पारियों में कराई जाएगी, अभ्यर्थियों को परेशानी न हो इसको लेकर परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को भी निर्देशित किया गया है कि ऑन रोड पर परिवहन निगम की बसों के बेहतर ट्रांसपोर्टेशन के लिए चलाया जाए। परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जाने को लेकर शासन के स्तर से प्रेक्षक और निरीक्षक जिले में परीक्षा से 1 दिन पूर्व ही पहुंच जाएंगे। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी द्वारा 10 से 12 अगस्त के बीच सभी केंद्र व्यवस्थापक की ब्रीफिंग कर दें। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र अधीक्षकों की भी ट्रेनिंग पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित कराएं। जिस पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां एवं परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने के संबंध में उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित अन्य संबंधित विभाग से अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।