पिछड़े वर्ग के हकों की रक्षा करना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य

  • सपा में पिछड़ोंं-दलितों के नाम पर छला, भाजपा में पिछड़ों का आरक्षण नहीं होगा खत्म
  • महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने दिखाई ताकत
  • मंत्री नरेंद्र कश्यप की अगवानी में उप मुख्यमंत्री के सामने जुटे हजारों कश्यप समाज के बंधु
  • समाज के लोगो से बोले मंत्री कश्यप तुम्ही मेरी शक्ति और सामर्थ    

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा सरकार में पिछड़ों-दलितों के नाम पर उन्हें छला गया। भाजपा की सरकार रहते हुए पिछड़ों का आरक्षण खत्म नहीं होगा। बुधवार को घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में महर्षि कश्यप जयंती समारोह में शिरकत करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यह बातें कहीं। वहीं,महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने भी भीड़ जुटाकर ताकत का अहसास कराया। महर्षि कश्यप के जयकारों से रामलीला मैदान गूंज उठा। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप की अगवानी में उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य के सामने हजारों की संख्या में कश्यप समाज के लोग जुटे। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, बाबूराम निषाद, निवर्तमान महापौर आशा शर्मा, विधायक अतुल गर्ग, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी,लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, एमएलसी दिनेश गोयल, मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू शिवाच,पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, मंत्री प्रतिनिधि सौरभ जायसवाल आदि मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा व बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने नग्न तांडव किया। पिछड़ों के नाम पर पिछड़ों और दलितों को योजनाओं से वंचित किया गया। आजादी के बाद भी कई जातियों को विकास योजना का लाभ नहीं मिला। हमने समग्र गांव योजना के साथ-साथ विकास कार्य किया। पिछड़े वर्ग के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पिछड़े वर्ग के हकों की रक्षा करना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा है तब तक पिछड़ों का आरक्षण कोई खत्म नहीं कर सकता। भाजपा मजबूती के साथ पिछड़े वर्ग के साथ खड़ी है और ओबीसी को उनका हक दिला कर ही रहेगी। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की नाकाम कोशिश कर रही है। सपा की पिछड़ी राजनीति एक जाति तक सीमित रही है, उन्हें इस अहम मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। आरोप लगाया कि पिछड़ों का वोट लेकर केवल अपने परिवार का भला किया है। पिछड़ों की कमाई से अपने परिवार को मलाई ही उनकी विचारधारा रही है। इसलिए भाजपा सरकार नें तय किया है कि पिछड़ा वर्ग के अधिकारों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ की तैयारी और भीड़ देख उप मुख्यमंत्री गदगद हो गए। उन्होंने कहा कि भगवा रंग में रंग गया है। गाजियाबाद में महर्षि कश्यप जयंती मनाई जा रही है। इस तरह का भव्य आयोजन पूर्व में कभी देखने को नही मिला।

मंच से लेकर पंडाल तक कार्यकर्ताओं और जनता की भीड़ देख मुस्कराते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा इस भव्य कार्यक्रम के लिए नरेंद्र कश्यप का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा इस बार लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा को जीत दिलाने की जिम्मेदारी पिछड़ी जातियों के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की है। विपक्षी लोग, पिछड़ों के सबसे बड़े नेता को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। हालांकि देश और दुनियाभर में बड़ी संख्या में लोग नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती हैं। उन्होंने पिछड़ों को बधाई दी कि उन्होंने देश के सर्वमान्य नेता को प्रधानमंत्री बनाया और आगे भी बनाएंगे। रामलीला मैदान में 10 हजार फिट में विशाल टेंट लगाया गया था। लोगों के लिए एलईडी के माध्यम से मंच का सचिव चित्रण, भगवान महर्षि कश्यप की लीलाओं का भी वर्णन किया गया। पंडाल में 25 हजार से अधिक व्यक्तियों की बैठने की व्यवस्था की गई थी।

संचालन सौरभ जायसवाल प्रदेश मीडिया प्रभारी ओबीसी मोर्चा एवं डॉक्टर सागर कश्यप राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्यप निषाद संगठन के द्वारा किया गया। इस दौरान सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, अनिल सांवरिया, संजीव गुप्ता संजीव शर्मा आदि सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित हुए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी सरकार पिछड़ों, वंचितों, किसानों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी से विश्व की सबसे शक्तिशाली बनी हैंं। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में भाजपा के सभी 80 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी और देशभर में उसे 400 से अधिक सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश भर में बीजेपी का ग्राफ  लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे विपक्षी दल बुरी तरह से बौखलाए हुए हैं। डबल इंजन की सरकार के चलते उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और आज के उत्तर प्रदेश में भारी अंतर है। वैसे ही देश में 2014 से पहले के और वर्तमान भारत में हर मामले में स्थितियां बेहतर हुईं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। उनका भाषण के केंद्र में मोदी ही रहे।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के भ्रष्टाचारियों पर करवाई से भ्रष्टाचारी विपक्ष नेताओं में खलबली मची हुई है। वे सब एकजुट होकर मोदी को बदनाम करने की साजिश में लगे हुए हैं, लेकिन हमेशा की तरह उन्हें मुंह की खानी पड़ी है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात का अफसोस है कि उनका युवराज पीएम नहीं बन पाया और एक चाय वाला देश का प्रधानमंत्री बन गया।यही वजह है कि राहुल गांधी हमेशा मोदी का अपमान करते रहते हैं।

राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करके देश के पूरे ओबीसी समाज का अपमान करते हैं। इसलिए आने वाले आम चुनाव में देश का ओबीसी वर्ग कांग्रेस के इतिहास के अंतिम पन्न को भी बंद कर देगा। उन्होंने योगी सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचारियों व माफियाओं की कमर तोडऩे का काम किया है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है, जबकि सपा व बसपा की सरकारों में सिर्फ गुंडागर्दी ही होती थी, लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओबीसी मोर्चा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य के लक्ष्मण ने की।