-डीएम ने ली मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत जनपद में जो छात्र-छात्राएं सिविल सेवा और पीसीएस परीक्षा के लिए कोचिंग लेना चाहते है, उन्हें इंग्राहम इंटर कॉलेज में कोचिंग कराना सुनिश्चित किया जाएगा। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक करते हुए अधिकारियों को यह दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर उपजिलाधिकारी चंद्रेश कुमार,जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा,जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह, सहायक कोषाधिकारी, प्राचार्य डायट एवं प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय आदि अधिकारी उपस्थित हुए। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि शासनादेश के तहत मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना अंतर्गत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
समिति द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं के विषय विशेषज्ञ का चयन, परीक्षा की तैयारी के तरीके, टिप्स, प्रश्नों का उत्तर लिखने की विधि, सामान्य अध्ययन समेत कई पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही समय-समय पर योजना का अनुश्रवण भी किया जाएगा। डीएम ने निर्देशित किया कि पूर्व की भांति हापुड़ रोड स्थित इंग्राहम इंटर कालेज में अभ्युदय कोचिंग का संचालन सुनिश्चित कराया जाए। इसमें चयनित प्रवक्ताओं के माध्यम से कोचिंग के लिए आवेदन करने वाले छात्रों की प्रवेश परीक्षा इंग्राहम इंटर कॉलेज में आयोजित कराते हुए पात्र छात्रों का चयन कर लिया जाए। यदि सिविल सेवा एवं पीसीएस की परीक्षा के प्रशिक्षण के लिए द्वितीय वर्ष का छात्र कोचिंग करना चाहे तो उसे प्रवेश दिलाया जाए।
सिविल सेवा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी स्नातक के साथ प्रारंभ होनी चाहिए। कोचिंग में कोर्स कोऑर्डिनेटर प्रत्येक सप्ताह छात्रों से वार्ता कर प्रवक्ताओं का फीडबैक प्राप्त करेंगे। इसी प्रकार छात्रों को लाइब्रेरी की सुविधा भी प्रदान की जाए। दिल्ली से उचित दरों पर किताबों की खरीद कर लाया जाए। इसी प्रकार उत्तीर्ण छात्रों से स्टडी मैटेरियल व नोट्स प्राप्त करते हुए छात्रों को प्रदान किया जाए।

















