-जन आर्शीवाद सभा से रालोद ने फूंका चुनावी बिगुल, पार्टी की मजबूती के लिए ग्रामीणों ने दिए 21 लाख रूपए की पोटली
गाजियाबाद। भाजपा सरकार से किसान मजदूर ही नहीं आमजन भी परेशान बना है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। जिसका खमियाजा भाजपा को विधान सभा चुनाव में भुगतना होगा। किसानों की समस्याओं का हल करने के बजाए तानाशाही से दबाना चाहती है। जिसे जनता बर्दास्त नही करेगी। यह बातें शनिवार को मुरादनगर में रावली रोड गुड मंडी में आयोजित जन आर्शीवाद सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जंयत चौधरी ने कहीं।
उन्होंने कहा किसान कृषि कानून वापसी की मांग को लेकर दिल्ली बार्डर पर धरना देकर बैठे है। लेकिन किसानों की सुध ही नहीं है। गन्ना बकाया भुगतान नहीं दिला पाई, वाजिब दाम नहीं दिया जा रहा है। जबकि जनता पर महंगी बिजली, डीजल, रसोई गैस, उर्वरक आदि की मार पड रही है। युवाओं में बेरोजगारी बढ़ी है। युवा नौकरी पाने के लिए भटक रहा है। वहीं लखीमपुर खीरी की घटना से असली चेहरा उजागर हो चुका है। जहां एक गृह राज्य मंत्री का बेटा किसानों को अपनी गाड़ी से रौंद रहा है। वहीं अभी तक सरकार ने गृह राज्यमंत्री को उसके पद से अभी तक नही हटाया है। जनता को अपनी ताकत को पहचाना होगा। तभी इस तानाशाही सरकार से निजात मिल पाएगी। हमारी सरकार आने पर किसानों को 6 की जगह 12000 रुपये दिए जाएंगे। सरकारी स्कूलों में इंग्लिश मीडियम से पढ़ाई होगी। कंप्यूटर की लैब स्थापित कराए जाएंगे। सीमित भूमि वाले किसानों को 15 हजार देंगे, मजदूरों की हर प्रकार से श्रम सम्मान योजना लाएंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनका ब्लड प्रेशर बहुत हाई चल रहा है। वह हमेशा गुस्से में ही रहते हैं। हमें डर है कि कहीं यह गुस्सा उनके हार्ड अटैक का कारण न बन जाए। हम उनके दुश्मन नहीं हैं, लेकिन उन्हें हमसे लगाओ नहीं है। वह जब मुस्कुराते हैं, जब वह गायों के साथ होते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह कहा करते थे कि सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाला ही सत्ता की सीढिय़ां चल पाता है और वही समाज का भला कर सकता है।
चौधरी ने कार्यकर्ताओं से अपील की सबको साथ लेकर चलने की जरूरत है, जातिवाद से ऊपर उठकर कार्य करना होगा। पार्टी की मजबूती के लिए कई गांवों के लोगों ने चंदा इकट्ठा कर जयंत चौधरी को 21 लाख रुपये दिए। वहीं गन्ना विकास परिषद के पूर्व चेयरमैन अमरजीत सिंह ने 21 लाख रूपए देन की घोषणा की।
मोदीनगर के पूर्व विधायक पंडित सुदेश शर्मा ने कहा कि लोकदल मजबूत होने से किसान मजबूत होंगे और वह जयंत चौधरी के हाथ मजबूत किए जाने पर ही संभव है। पूर्व विधायक प्रत्याशी अजय चौधरी ने कहा कि किसानों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास करने वाले सबसे बडे आतंकवादी होते हैं। लोकदल को सत्ता में लाना किसानों सर्व समाज के सम्मान के लिए जरूरी है। इस मौके पर असलम खान, त्रिलोक त्यागी, कपिल चौधरी, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र राठी, चौधरी जितेंद्र सिंह कुन्डू, पूर्व ब्लाक प्रमुख रणबीर दहिया, सतपाल चौधरी, शिवकुमार, प्रमोद तोमर, विकास त्यागी, रविंद्र त्यागी, विपिन चौधरी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हजारों में सिमटी जन आर्शीवाद सभा
शनिवार को मुरादनगर में जन आर्शीवाद सभा बहु प्रचारित रैली में कार्यकर्ता पिछले कई दिन से तैयारियों और लोगों की भीड़ जुटाने के लिए लगातार गांव-गांव जाकर संपर्क और बैठक कर रहे थे। उससे लग रहा था की सभा में लाखों लोगों की भीड़ रहेगी। मगर लाखों की भीड़ की संख्या कुछ हजारों में ही सिमट कर रह गई। जिस तरह से यहां सभा में लोगों की भीड़ के कयास लगाए जा रहे थे। वह हवा हवाई हो गए। जिससे विपक्षी दलों को कुछ राहत मिलती दिखलाई दे रही है।
















