डासना और महरौली में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में सड़कों को किया ध्वस्त

गाजियाबाद। डासना और महरौली गांव क्षेत्र में काटी जा रही अनाधिकृत रूप से अवैध कॉलोनियों में शुक्रवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने बुलडोजर चलाकर सड़क आदि निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर लगातार अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-5 की प्रभारी एवं ओएसडी गुंजा सिंह ने प्रवर्तन जोन-5 क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। जीडीए ओएसडी के निर्देशन में सहायक अभियंता अनुज कुमार,सहायक अभियंता परशुराम,अवर अभियंता संजय कुमार,अवर अभियंता ज्ञान प्रकाश द्विवेदी एवं जीडीए पुलिस टीम की मौजूदगी में डासना के खसरा संख्या-1127 आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे दीपक यादव,संजय सिंह,राहुल यादव, आजाद,साजेब द्वारा अवैध रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर सड़क आदि निर्माण को ध्वस्त कर दिया। वहीं,ग्राम महरौली के खसरा संख्या-1006,993 व 994 पर चौधरी तेजेंद्र सिंह पुत्र मोहर सिंह, राजवीर, ओमवीर,सोहनवीर,उदयवीर पुत्रगण ईश्वर सिंह द्वारा मिट्टी डालकर सड़क बनाकर अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर सड़़क और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए निर्देश दिए गए कि बगैर मानचित्र स्वीकृति के कोई कार्य न कराया जाए। उन्होंने जोन के संबंधित सहायक अभियंता,अवर अभियंता तथा सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अवैध निर्माण पुन:प्रारंभ न होने पाए। जीडीए द्वारा लगातार अवैध निर्माण व अवैध कॉलोनी के विरूद्ध विधिसम्मत् कार्रवाई जारी रहेगी। निर्माणकर्ताओं और विकासकर्ताओं को भी निर्देशित किया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। इसके साथ ही आमजन को  भी सूचित किया कि किसी भी वादग्रस्त,विवादित निर्माण में भवनों का क्रय-विक्रय न करें।