गाजियाबाद। शहर में दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग का काम दीपावली पर्व से शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए नगर निगम ने प्रयास आरंभ कर दिए हैं। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत नया बस अड्डा के पास मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाना है। यह शहर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग होगी। उप्र जल निगम की कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) शाखा को इस प्रोजेक्ट का जिम्मा सौंपा गया है।
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि मल्टीलेवल पार्किंग में 198 कार और 542 दोपहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। पार्किंग के निर्माण से वाहन चालकों को काफी लाभ मिलेगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर में नया बस अड्डा पर मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य अब जल्द शुरू हो सकता हैं। नगर निगम ने जमीन चिह्नित करने के बाद प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद इस साल के अंत तक कार्य शुरू होगा, 2023 में इसे पूरा करना होगा।
2023 में रैपिड रेल का संचालन भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से दिल्ली जाने वाले यात्रियों और रैपिड रेल से मेरठ और दिल्ली तक सफर करने वाले यात्रियों को भी मल्टीलेवल पार्किंग बनने से सुविधा होगी। यात्री निजी वाहन से यहां पर पहुंचेंगे और अपना वाहन पार्किंग में खड़ा कर सुविधानुसार मेट्रो और रैपिड रेल से सफर कर सकेंगे। उनको वाहन पार्क करने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। बसों में सफर करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। वो भी अपने वाहन यहां खड़े कर सकेंगे। नगर निगम द्वारा बनाई जाने वाली मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन पार्क करने पर वाहन चालकों को बचत भी होगी।
प्राइवेट पार्किंग में वाहनों की पार्किंग के लिए जो शुल्क लिया जाता है, यहां पर पार्किंग शुल्क सस्ता होगी। सीएंडीएस शाखा के स्थानिक इंजीनियर रोहित तोमर ने बताया कि नया बस अड्डा के पास बेसमेंट सहित पांच फ्लोर में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।इसमें 198 कारें और 542 दोपहिया वाहन खड़े हो सकेेंगे। नगर निगम की 5,762 वर्गमीटर जमीन पर इस मल्टीलेवल पार्किंग का बेसमेंट को मिलाकर पांच फ्लोर में निर्माण किया जाएगा। इसमें एक समय में 542 दोपहिया वाहन और 198 कारें पार्क की जा सकेंगी।पार्किंग का निर्माण करने पर 41.81 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
















