श्रावण मास शिवरात्रि: जीडीए ने कांवड़ मार्ग पर शुरू की साफ-सफाई

-बिजली पोल पर पन्नी से कवर करने के साथ अन्य कार्यों को पूरा करने में जुटा

गाजियाबाद। श्रावण मास शिवरात्रि पर्व आगामी 2 अगस्त को मनाए जाने के चलते जीडीए ने कांवडिय़ों की सुविधा के लिए कांवड़ मार्ग की साफ-सफाई कराने के साथ घास, झाडिय़ों की कटाई कराने एवं बिजली पोल का पिन्नी से कवर करना शुरू कर दिया है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर बुधवार से जीडीए कॉलोनियों में कांवड़ मार्ग की साफ-सफाई कराई गई। जीडीए उपाध्यक्ष ने उद्यान अनुभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवडि़़ए शहर के विभिन्न स्थानों के लिए प्रस्थान करते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान जीडीए द्वारा अनुरक्षित की जा रही योजनाओं में आने वाले कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से ठीक कराने व झाडिय़ों की कटाई और साफ-सफाई के साथ सड़क किनारे लगे पेड़ों की टहनी की कटाई-छंटाई कराने के साथ ही विद्युत पोल को लेमिनेट कराते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाए।

इसके साथ ही दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मनन धाम मंदिर से मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना स्थित गोल चक्कर तक समुचित लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश के बाद जीडीए के उद्यान अनुभाग, विद्युत विभाग द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया हैं। जीडीए द्वारा कांवड़ मार्गों पर लगे बिजली पोल पर पन्नी से कवर करने के साथ अन्य कार्यों को पूर्ण करते हुए मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जा रही हैं। उन्होंने यह निर्देशित किया कि कांवडिय़ों को कोई भी असुविधा न हो,इसलिए कांवड़ मार्गों पर सत्त निगरानी रखते हुए अधिकारी भ्रमण करते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका समाधान कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।