सोशल चौकीदार केके शर्मा ने भू-माफिया के खिलाफ फिर खोला मोर्चा

गाजियाबाद। सोशल चौकीदार केके शर्मा ने भू-माफिया के खिलाफ एक बार फिर आवाज बुलंद की है। शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर गाजियाबाद शहर में सक्रिय भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्र में उन्होंने सवाल किया है कि आखिरकार गाजियाबाद में भू-माफिया की अवैध संपत्तियों पर कब बुलडोजर चलाया जाएगा? उन्होंने कहा है कि भविष्य में गाजियाबाद शहर मलिन बस्तियों का शहर बन जाएगा। अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। यह चिंताजनक है।

आरोप है कि जीडीए के अनुमोदन के बिना भूमाफिया अवैध कालोनाइजर पूर्व की भांति आज भी अवैध कॉलोनियों को बसाकर अवैध प्लॉटिंग करा रहे हैं। बगैर मानचित्र स्वीकृति के धड़ाधड़ मकान बनाए जा रहे हैं। अवैध कॉलोनियों में विकास नहीं होता। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नागरिकों को नरकीय जीवन भोगने पर विवश होना पड़ता है।

केके शर्मा का आरोप है कि गाजियाबाद में भू-माफिया अब तक 422 अवैध कॉलोनियां बना चुके हैं। भू-माफिया ने 80 प्रतिशत सरकारी भूमि को हड़प लिया है। 60 से ज्यादा कॉलोनियों में आज भी प्लॉटिंग हो रही है। केके शर्मा ने सीएम से इस मामले में उचित कार्रवाई कराने की अपील की है।