एसएसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनी पीडि़तों की फरियाद

-थानों में ही पीडि़तों की शिकायतों का करें निस्तारण: पवन कुमार

गाजियाबाद। पुलिस से संबंधित लोगों की शिकायतों का थाने पर सुनने के बाद मौके पर ही निस्तारण किया जाए। शिकायत चाहे समाधान दिवस में आए या आपको पीडि़त सीधे तौर पर मिले, तुरंत निस्तारण होना चाहिए।
शनिवार को थाना समाधान दिवस पर नंदग्राम में एसएसपी पवन कुमार ने पीडि़तों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने सीओ एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि थानों में पीडि़तों की शिकायतों को सुनने के बाद उनका मौके पर निस्तारण किया जाए। एसएसपी पवन कुमार ने नंदग्राम थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार काकरान आदि की मौजूदगी में दर्जनभर से अधिक शिकायतकर्ता की शिकायतों को सुना। इनमें से कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। एसएसपी ने बताया कि थाना समाधान दिवस में जमीन, मकान से लेकर घरेलू विवाद के ज्यादातर मामलों में शिकायत की गई। शिकायत सुनने के बाद इनमें कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। छोटे विवाद ही कई बार बड़ी घटना का कारण बन जाते हैं। इसलिए ऐसे विवादों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। उन्होंने शिकायतों को सुनने के बाद मौके पर थाना प्रभारी को बाकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।