नन्दग्राम की 4 करोड़ 30 लाख के कार्यो से बदलेगी सूरत, मेयर ने किया शिलान्यास

गाजियाबाद। नन्दग्राम पार्षद कृष्णा त्यागी के वार्ड-49 में 4 करोड़ 30 लाख की लागत के निर्माण कार्यो का मेयर आशा शर्मा ने रविवार को शिलान्यास किया। 1 करोड़ 29 लाख की लागत से परशुराम चौक से अटल चौक होते हुए अम्बेडकर भवन तक मुख्य मार्ग पर इंटर लॉकिंग टाइल्स का कार्य, 2 करोड़ 67 लाख की लागत से ए ब्लॉक, सी ब्लॉक, एफ ब्लॉक की विभिन्न सड़को का निर्माण एवं बरसाती नालो का निर्माण कार्य, 20 लाख की लागत से अटल चौक के चौड़ीकरण का कार्य एवं 15 लाख की लागत से आदर्श नगर में मेजर आशा राम त्यागी पार्क के सामने वाली गली का निर्माण कार्य होंगे। आदर्श नगर में केवल एक मात्र यही गली रह गई है। निर्माण के लिए बाकी कोई कार्य नही बचा। क्षेत्र में निर्माण कार्य न होने के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के निर्माण के लिए पार्षद कृष्णा त्यागी द्वारा भी भरपूर प्रयास किया। निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों ने मेयर एवं पार्षद को फूलों की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। मेयर ने बताया कि हम भाजपा सरकार के आदर्शों को लेकर सबका विकास कर रहे है। किसी भी वार्ड, गली में भेद भाव नही कर रहे है। इसी सोच को लेकर आज नन्दग्राम के विभिन्न सड़को के निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है, जिससे नन्दग्राम एवं बाहर से आने जाने वाले लाखों लोगों को सुविधा मिलेगी और आपके पार्षद रात दिन भाग दौड़ कर के वार्ड के निर्माण के लिए कार्य कर रहे है। इस मौके पर रेलवे बोर्ड सदस्य विरेन्द्र त्यागी, मंडल अध्यक्ष पंकज राय, राज कुमार त्यागी, बबली त्यागी (दिनेश) एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।