शहीद आशा राम त्यागी नाम से पार्क का मेयर ने किया नामकरण

गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड नंबर-49 आदर्श नगर नंदग्राम में रविवार को शहीद आशा राम त्यागी के नाम से पार्क का नामकरण किया गया। इस दौरान होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा ने पार्क का नामकरण, सौंदर्यीकरण, म्यूजिकल फाउंटेन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह पार्क शहीद के नाम पर है, इसलिए पार्क को भव्य रूप दिया जाएगा। खूबसूरत पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें शहीद के नाम से अच्छे वृक्ष भी लगेंगे। साथ ही आस-पास में हरियाली से ऑक्सिजन भी मिलती रहेगी। इस कार्य के लिए 31 लाख का बजट है। इसके तहत चारदीवारी, गेट, रेलिंग एवं अन्य कार्य होने हैं। मेयर कोटे से म्यूजिकल फाउंटेन लगवाया जाएगा। अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने मेयर एवं वीरेंद्र त्यागी का आभार व्यक्त किया। रेलवे बोर्ड सदस्य वीरेंद्र त्यागी ने कहा कि शहीद आशाराम के नाम पर पार्क का नामकरण किए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि एक नाला जो 5 वार्डों की जल निकासी को प्रभावित करता है, उसके निर्माण के लिए भी मेयर निरीक्षण कर चुकी हैं। 15वां वित्त का पैसा आते ही यह कार्य भी शुरू कराया जाएगा एवं आदर्श नगर में पार्क बनाने का चुनावी वादा था, जिसे मेयर एवं पार्षद कृष्णा त्यागी ने मिलकर पूर्ण किया है। इसके बाद मेयर आशा शर्मा ने सभी को होली की भी शुभकामनाएं दी। पूर्व पार्षद बाबा विद्यानंद ने कार्यक्रम का समापन किया। इस मौके पर अध्यक्ष राज कुमार त्यागी, गजेंद्र त्यागी, कुलदीप त्यागी, पूनम त्यागी, अशोक त्यागी, अनुराग त्यागी, सच्ची त्यागी, अमित त्यागी, उमेश त्यागी, संजय त्यागी आदि उपस्थित रहे।