हर घर तिरंगा अभियान में नगर निगम करेगा शहर में 5 लाख झंडोंं का वितरण

गाजियाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत नगर निगम के अधिकारी भी हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी में जुटना शुरू हो गए है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के निर्देशन में हर घर तिरंगा की तैयारी में जुटे निगम के अधिकारी पूर्व की भांति इस बार भी शहर में 5 लाख से अधिक झंडों का वितरण करेगा। प्रदेश शासन के आदेश पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में नगर निगम भी अब हर घर तिरंगा अभियान में जुट गया है। नगर आयुक्त ने इसके लिए अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को नोडल प्रभारी बनाया है।

नगर आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी के साथ हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बैठक की।अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया कि महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त के निर्देश पर हर घर तिरंगा अभियान को उत्साह पूर्वक मनाने की तैयारी की जा रही है। 13 से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक शहर और ग्रामीण क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हर घर तिरंगा फहराया जाएगा। घरों में 5 लाख तिरंगा झंडा लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी विभाग के अधिकारियों को झंडे की व्यवस्था करने के लिए आदेशित किया गया है। उद्यमियों, संस्थाओं, इच्छुक व्यक्तियों के सहयोग से झंडों की व्यवस्था कराई जा रही है। झंडे का साइज 20 बाई 30 का होगा। इसके लिए निगम के सभी पांचों जोन के जोनल प्रभारियों को तिरंगा वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह अपने-अपने जोन में एक-एक लाख झंडों का वितरण करेंगे।

झंडा फहराने के नियमों का पूर्ण रुप से करें पालन: नगर आयुक्त

नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर शहरवासियों से अपील की है कि वह राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान पूर्वक फहराए। आजादी के जश्न के बाद अब जिम्मेदारी है कि लोग राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करें और तिरंगे को फिर से ससम्मान रखा जाए। दरअसल, जिस तरह से झंडा रोहण करने के कई नियम होते हैं, उसी तरह अब झंडे को रखने और उतारने के भी कई नियम हैं। 13 से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक महोत्सव मनाया जा रहा है। निगम सीमा अंतर्गत अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराना है।

समारोह पूर्ण होने पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान पूर्वक रखा जाए। झंडा फहराने के नियम का पूर्ण रूप से सभी लोग पालन करें। नगर आयुक्त ने शहर वासियों को हर घर तिरंगा अभियान के लिए जागरूक करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है। इसके लिए सभी विभाग के अधिकारी, जोनल प्रभारी व अन्य टीम हर घर तिरंगा अभियान में जुटी हुई है। झंडा फहराने के नियम एवं अभियान के समापन होने पर झंडे को किस प्रकार मोड़कर रखना है उसके लिए भी जागरूक भी किया जा रहा हैं।