आज रात 12 बजे से शुरू होगा नव गठित नंदग्राम थाना

जनता की फरियाद सुनकर करें कार्रवाई: एसएसपी

गाजियाबाद। लोगों की सहूलियत और अपराधों की रोकथाम के लिए कानून व्यवस्था मजबूत करने को लेकर जिले में 21वें थाने के रूप में आज रात 12 बजे से नवगठित नंदग्राम थाना विधिवत रूप से ऑनलाइन संचालित हो जाएगा। शनिवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी ने नंदग्राम थाने की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए थाने का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि लोगों की सहूलियत और अपराधों की रोकथाम के लिए कानून व्यवस्था मजबूत करने को लेकर प्रदेश शासन के निर्देश के बाद नंदग्राम थाना आज रात 12 बजे से लोगों को समर्पित हो जाएगा। नए नंदग्राम थाने को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। एसएसपी नैथानी ने थाने का नोडल अधिकारी सीओ सेकेंड अवनीश कुमार सिंह को बनाया हैं।

एसएसपी ने नवनियुक्त थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों को हिदायत देते हुए कहा छोटी हो या बड़ी, हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। थाने पर फरियाद सुनी जाएगी। हर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। पुलिस केस नहीं दर्ज कर अपराध का ग्राफ कम करने की कोशिश न करे। जनता की फरियाद सुनें। प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई करें, उन्हें न्याय दें। कहीं पर किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा रिश्वत लेने की शिकायत मिली तो एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों पर शिकंजा कसा जाना चाहिए।

अपराधी जेल में हों, ताकि लोग भयमुक्त होकर अपना काम कर सकें।
उन्होने बताया नए थाने के परिसर में हवालात, शौचालय, स्नानघर, शस्त्रागार, भोजनालय, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, आंगुतक कक्ष, विवेचक कक्ष का निर्माण पूरा हो गया हैं। थाने में तीन कंप्यूटर, फर्नीचर, स्टेशनरी, वायरलेस सेट और 4 गाड़ी और 6 मोटरसाइकिल और यूपी-112 की 4 गाड़ी के अलावा 4 वाहन दो पहिया अतिरिक्त दिए गए हैं। नव गठित थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार सिंह को बनाया गया है। इसके लिए सीयूजी नंबर-9643322939 आवंटित किया गया। एसएसपी ने निरीक्षण करते हुए थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह और एसएसआई को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायत पर बेहतर तरीके से सुनवाई करते हुए नए थाने में लोगों की सुविधा बढ़ाई जाए। क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।