दामाद बना हैवान ससुर की गोली मारकर की निर्मम हत्या

कार सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

गाजियाबाद। कोतवालपुर गांव में शनिवार सुबह कार सवार 3 बदमाशों ने डीडीए रिटायर्ड कर्मचारी की गोली मार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश कार में बैठकर मौके से भाग गये। परिजनों ने दामाद और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए लोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या की सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, लोनी सीओ अतु ल सोनकर, लोनी कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश सिंह टीम के साथ वहां पहुंचे। पुलिस ने छानबीन की। मगर तब तक हत्यारे फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया कि दो दिन पूर्व श्यौराज बेटी को लेकर अपने घर आ गए थे।

कोतवालपुर गांव में श्यौराज कसाना (64) परिवार के साथ रहते थे। वह डीडीए रिटायर्ड कर्मचारी थे। उनका का बड़ा बेटा सनोज सीआईएसएफ में कार्यरत है। छोटा बेटा विनोद ठेकेदारी का काम करते हैं। श्यौराज ने बेटी सुनीता की शादी दादरी तथा बेटी पूनम व पिंकी की दिल्ली के करावलनगर में रहने वाले कपिल और त्रिलोक के साथ करीब 9 वर्ष पूर्व की थी। किसा बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। जिसको लेकर श्यौराज ने दिल्ली के थाने में त्रिलोक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसकों लेकर दोनों पक्षों में और विवाद बढ़ गया था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि त्रिलोक दर्ज मुकदमें को वापस लेने की धमकी दे रहा था। लेकिन पीडि़त पक्ष ने मुकदमा वापस लेने से इंकार कर दिया था। शनिवार को श्योराज के भाई रतिराम जीटीबी अस्पताल से रिटायर्ड हो रहे थे। जिसको लेकर दोपहर के समय कार्यक्रम करने का प्रोग्राम था। शनिवार को बेटी पिंकी अपने मायकें आ गई थी। रविवार को बेटी पूनम को घर आना था। शनिवार अल सुबह कार सवार तीन लोग आए और घर का गेट बजाने लगे। गेट बजने की आवाज सुनकर श्योराज उठे और चाबी से ताला खोलकर गेट खोलने लगे। गेट खोलते ही बदमाशों ने श्यौराज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोली लगते ही लहूलुहान होकर वह जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश कार में बैठ मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल को आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषिक कर दिया। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि मृतक श्यौराज सिंह का दामाद त्रिलोक भाटी बदमाश है। इसके खिलाफ दिल्ली में कई मुकदमे दर्ज हैं। दामाद और उसके दो साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्या का खुलासा करने के लिए तीन पुलिस टीम लगाई गई हैं। लोनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही हंै। आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।