महिला से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज कर सो गई पुलिस, एसएसपी से फरियाद

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि चाकू के दम पर आरोपी ने पीड़िता के साथ हैवानियत की। रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार न किए जाने पर पीड़ित परिवार ने सोमवार को एसएसपी से शिकायत की। बाद में एसएसपी ने थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। नंदग्राम क्षेत्र की एक कॉलोनी में पीड़ित महिला सपरिवार रहती है। गत 7 फरवरी को महिला का पति काम पर गया था।

ऐसे में वह घर में अकेली थीं। आरोप है कि इस बीच पड़ोसी राहुल घर में घुस आया और चाकू के बल पर जोर-जबरदस्ती शुरू कर दी। आरोपी ने पीड़िता की गर्दन पर चाकू रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। शाम को घर लौटे पति को महिला ने आप-बीती सुनाई। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने 9 फरवरी को पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की, मगर अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

तंग आकर पीड़ित परिवार ने सोमवार को एसएसपी से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई। तदुपरांत एसएसपी ने थाना पुलिस को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उधर, पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी को जल्द दबोच लिया जाएगा। उधर, नंदग्राम थाना क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला भी प्रकाश में आया है।