यूपी में दूसरे चरण के लिए वोटिंग, 586 उम्मीदवार मैदान में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत सोमवार को वोटिंग कराई गई। ऐसे में 9 जिलों की कुल 55 सीट के लिए मतदान किया गया। इन सीट पर कुल 586 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। दूसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा इंतजाम पुख्ता रहे। 50 प्रतिशत बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों के भीतर और बाहर पुलिस फोर्स की तैनाती है। व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर पुलिस-प्रशासन का पूरा ध्यान है।

मतदान के दौरान हिंसा अथवा उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उप्र में 18वीं विधान सभा के गठन के लिए दूसरे चरण का मतदान सोमवार की सुबह 7 बजे शुरू हो गया। तड़के साढ़े पांच बजे मॉक पोल कराया गया। तदुपरांत 7 बजे से मतदान प्रक्रिया की सुचारू तरीके से शुरुआत हो गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा रूहेलखंड के 9 जिलों की 55 सीट पर कुल 586 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे चरण के लिए 2 करोड़ से अधिक मतदाता सूचीबद्ध हैं।

दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली व शाहजहांपुर में मतदान कराया जा रहा है। 2017 के चुनाव में इन 55 सीट में से 38 भाजपा, 15 सपा व 2 कांग्रेस ने जीती थीं। उधर, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था कराई गई है।