47 करोड़ रुपये के कार्यो से दादरी और जेवर की बदलेगी सूरत: महेश शर्मा

-जिला पंचायत गौतम बुद्धनगर ने दी विकास कार्यो की सौगात

ग्रेटर नोएडा। जिला पंचायत गौतम बुद्धनगर ने शुक्रवार को 47 करोड़ रुपये के कामों की शुरुआत की। जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसद महेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी और विधायक तेजपाल नागर ने इन कार्यों की शुरुआत की। सांसद महेश शर्मा ने कहा भाजपा के लिए वोट बैंक के बजाय देश की आस्था महत्वपूर्ण है। देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। भाजपा ही विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद कायम किया है। जब सोच ईमानदार होती है तो काम दमदार होता है और यह प्रदेश में दिख रहा है। भाजपा सरकार ने ग्रेटर नोएडा के विकास को चार चांद लगाने का काम किया है। 47 करोड़ रुपये के कार्य पूरा होने पर ग्रेटर नोएडा के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। पूर्व की सरकार सिर्फ विकास के नाम पर अपना घर भरने का काम करती थी। मगर भाजपा सरकार ने सिर्फ और सिर्फ विकास को प्राथमिकता दी है। जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने कहा दादरी विधानसभा क्षेत्र में करीब 25 करोड़ रुपए और जेवर विधानसभा क्षेत्र में 22 करोड़ रुपये के कार्यो से क्षेत्र की सूरत बदलेगी। निर्माण कार्य न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब जल्द ही लोगों की समस्या दूर होगी। पहले क्षेत्र के लोगों को कार्य कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ते थे। मगर भाजपा सरकार ने लोगों की समस्या को दूर करने के लिए विकास कार्यो की लड़ी लगा दी है। अब लोगों को अधिकारियों के चक्कर नही काटने पड़ते है, विकास खुद बा खुद उनके द्वार पर पहुंच रहा है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने बताया कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में करीब 25 करोड़ रुपए के कामों की शुरुआत की गई। जबकि जेवर विधानसभा क्षेत्र में 22 करोड़ रुपये के काम शुरू कराए गए हैं। इन कामों से लोगों को काफी लाभ मिलेगा। जल्द ही यह कार्य भी शुरू हो जाएंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, मनोज सिसोदिया, भाजपा के जिला अध्यक्ष विजय भाटी, अशोक शर्मा, रजनी तोमर, मनोज गर्ग, अशोक चौधरी आदि मौजूद रहे।