सिंगल यूज प्लास्टिक जीवन के लिए जहर, प्लास्टिक को अपने जीवन से दूर करना बेहद जरुरी, जनसहयोग से अकुंश लगेगा सिगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध है। प्लास्टिक पर जल्द ही नियंत्रण नहीं पाया गया तो वह आने वाले समय में मनुष्य में बीमारी का सबसे बड़ा कारण बन जाएगी। प्रकृति को बचाना हम सभी का कर्तव्य है, इसीलिए हम सभी को यह ध्यान रखना होगा कि कम से कम प्लास्टिक का उपयोग करें।
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान एक बार फिर से शुरु हो गया है। इसे रिडक्शन, अवेयरनेस सर्कुलर एंड मास इंगेजमेंट (रेस) नाम दिया गया है। पांच दिन तक नगर निगम, प्रशासन, आरडब्ल्यूए, एओए और अन्य एजेंसियां सड़क पर उतरकर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक करेंगी। जिसका मकसद पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के एकत्रीकरण, पुनर्चक्रण तथा उसके सम्बन्ध में लगाये गये प्रतिबन्ध को प्रभागी तरीके से लागू कराने के लिए वृहद जन-जागरूकता अभियान रिडक्शन, अवेयरनेस सर्कुलर एंड मास इंगेजमेंट (रेस) के अंतर्गत बुधवार को नगर निगम ऑडीटोरियम नेहरू नगर सभागार में सिंगल यूज प्लास्टिक के एकत्रीकरण, पुनर्चक्रण तथा उसके सम्बन्ध में लगाये गये प्रतिबन्ध पर कार्यशाला का मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने संयुक्त रुप से शुभारंभ किया। जिसके बाद इस क्षेत्र में काम कर रही एनजीओ से जुड़े लोगों ने प्लास्टिक के नुकसान को लेकर अपने-अपने विचार रखते हुए कहा कि प्लास्टिक पर जल्द ही नियंत्रण नहीं पाया गया तो वह आने वाले समय में मनुष्य में बीमारी का सबसे बड़ा कारण बन जाएगी। प्रकृति को बचाना हम सभी का कर्तव्य है, इसीलिए हम सभी को यह ध्यान रखना होगा कि कम से कम प्लास्टिक का उपयोग करें।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि पांच दिवसीय रिड्यूस अवेयरनेस सर्कल इंगेजमेंट के अंतर्गत शहर में जन जागरूकता अभियान 29 जून से 3 जुलाई तक चलाया जाएगा। नगर निगम की तरफ से प्लास्टिक का उपयोग कम से कम हो इसके लिए काफी समय से अभियान चलाया जा रहा है। निगम द्वारा कचरे का सैग्रीगेशन कर प्लास्टिक को अलग कर उसे रीसाइकल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई रखना किसी एक का कर्तव्य नहीं है, बल्कि जो गंदगी फैलाते है उनकी भी जिम्मेदारी है। शहर में सिगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध जन सहयोग के चलते ही पूरी तरह से लग सकेगा। बिना जनसहयोग के इस पर पूर्ण से प्रतिबंध लगाना संभव नही है। नगर निगम द्वारा पूर्व में भी सिगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों को जागरुक किया गया। लेकिन उसके कुछ दिन बाद फिर से चोरी-छिपे लोग प्लास्टिक का प्रयोग करने लगे। नगर निगम समय-समय पर निरीक्षण कर जागरुक करने के साथ जुर्माना भी वसूलता है। जरुरी है कि लोग जागरुक बने, बिना जागरुकता के यह अभियान सफल नही हो सकता है।

मेयर आशा शर्मा ने कहा कि पिछले 10 साल में प्लास्टिक का चलन काफी हो गया है। हम घर में भी प्लास्टिक के बर्तनों का इस्तेमाल करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं जबकि यह सेहत के लिए कहीं से भी अच्छे नहीं है। हमें हर हाल में प्लास्टिक को अपने जीवन से दूर करना होगा, इसके लिए हमें संकल्प लेना होगा कि कम से कम प्लास्टिक की चीजों का इस्तेमाल करें।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 भवतोष शंखधर ने कहा कि आज के समय में प्लास्टिक हमारे जीवन में इस तरह जुड़ गया है कि कुछ भी खाने के लिए लेने जाते हैं तो वह प्लास्टिक में ही पैक हो कर आता है। खाने की चीज होने के कारण उसके भी पार्टिकल खाने के साथ हमारे शरीर में चले जाते हैं जो कई बीमारियों का कारण बनते हैं। इसीलिए सब को यह ध्यान रखना है कि जितना हो सके प्लास्टिक से खुद को दूर करें। इस मौके पर उप जिलाधिकारी लोनी संतोष कुमार राय, उप जिलाधिकारी मोदीनगर शुभांगी शुक्ला, अपर उपजिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती, अपर उपजिलाधिकारी साल्वी अग्रवाल, उप कृषि निदेशक वीरेंद्र सिंह, सीवीओ डॉ0 महेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 मिथिलेश सिंह, आरओ पॉल्युशन उत्सव शर्मा, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/पंचायत सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नुक्कड़ नाटक का आयोजन
विजय नगर जोन तथा वसुंधरा जोन में कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर शहर वासियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल ना करने पर जागरूक किया गया। जिसमें लगभग सैकड़ों शहर निवासियों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया गया गाजियाबाद नगर निगम टीम के साथ क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने भी सहयोग कियाद्य

शपथ समारोह
शहर के कई स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का विरोध करते हुए कपड़े तथा कागज के बने हुए खेलों का वितरण किया गया। साथ ही आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का सहयोग लेते हुए शपथ समारोह कार्यक्रम भी आयोजन किया। जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करते हुए भविष्य में इस्तेमाल न करने के लिए शपथ भी दिलाई गई। नगर निगम द्वारा किए गए कार्य की शहर वासियों ने सराहना की।

प्लास्टिक कलेक्शन एवं महा सफाई अभियान
सिटीजन कवि नगर जोन के अंतर्गत व्यापारियों तथा क्षेत्रीय निवासियों के साथ मिलकर सिंगल प्लास्टिक एकत्रीकरण का कार्य किया गया। जिसमें व्यापारी वर्ग द्वारा निगम का विशेष सहयोग किया गया। सिटी जोन में बाजार के मध्य महा सफाई अभियान चलाया गया। व्यापारियों ने स्वयं थैला लेकर प्लास्टिक एकत्रीकरण में सहयोग किया। इसी प्रकार अन्य क्षेत्रों में भी क्षेत्रीय निवासियों द्वारा विशेष सहयोग किया गया।

थैला वितरण कर किया जागरुक
पार्कों में तथा बाजारों में नगर निगम द्वारा कपड़े तथा कागज के बने हुए थैलों का वितरण किया गया। साथ ही शहर वासियों से अपील भी की गई कि वह सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल ना करते हुए कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करें। व्यापारियों से भी अपील की गई कि वह किसी को भी सिंगल यूज प्लास्टिक की पॉलिथीन में समान ना दें, जब तक कि कपड़े कागज का थैला उपभोक्ता ना लाए तब तक उसको सामान ना दिया जाए। इस प्रकार अपील करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार किया गया। सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रीकरण पुनर्चक्रण तथा प्रतिबंध के विषय में शहर के प्रत्येक वार्ड में जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं रेस कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्ण शहर में अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार किया गया।
















