– नोडल प्रभारी नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने तैयार किया फूल प्रूफ प्लान, क्रियान्वयन शुरू
– अस्पतालों में वास्तिविक खपत के आधार पर होगी ऑक्सीजन की आपूर्ति, डिमांड सप्लाई मेंटन रखने का फूल प्रूफ चेन तैयार
गाजियाबाद। जनपद में एक तरफ कोरोना का महासंकट खड़ा है तो वहीं दूसरी तरफ ऑक्सीजन जैसी जरूरी चीजों की किल्लत हो रही है। इस बीच ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए ऑक्सीजन के नोडल प्रभारी नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने फूल प्रूफ प्लान तैयार किया है। जिससे जनपद के अस्पतालों में हो रही ऑक्सीजन की किल्लत को दूर किया जा सकेगा। ऑक्सीजन क्राइसिस से निपटने के लिए तैयार की गई इस प्लान पर अमल भी शुरू हो गया है। अब अस्पतालों में वास्तविक खपत के आधार पर ही ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी। नगर आयुक्त के इस प्लान से जहां अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत दूर होगी, वही होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को भी ऑक्सीजन मिलने में सहूलियत होगी। पिछले कुछ दिनों से अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत के चलते कई मरीजों की जान जा चुकी है। ऑक्सीजन क्राइसिस और अस्पतालों मेें फैली अव्यवस्थाओं को रोकनेे में पूरी तरह से विफल रहेे जिला प्रशासन की काफी छीछालेदर हो चुकी है। ऐसे में नगर आयुक्त के समक्ष ऑक्सीजन क्राइसिस से निपटना बड़ी चुनौती है।
सोमवार को नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने एडीएम शैलेन्द्र सिंह, नगर स्वास्थ अधिकारी डॉ मिथिलेश समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक्शन प्लान को लागू करनेे को लेकर मंथन किया। वर्तमान में ऑक्सीजन की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस विकराल समस्या का समाधान करने व ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए उचित व्यवस्था बनाने का कार्य नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर कर रहे हैं । नोडल प्रभारी महेंन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि अस्पतालों में निरीक्षण कर प्रतिदिन प्रति बेड ऑक्सीजन की आवश्यकता के हिसाब से डिमांड कैलकुलेट किया जाएगा। जिसके बाद शहर के कोरोना मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजन की उपलब्धता कराई जाएगी। जिससे अस्पतालों में वास्तिविक खपत के आधार पर ऑक्सीजन की सप्लाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में प्रति बेड, प्रतिदिन ऑक्सीजन की खपत के अनुसार ऑक्सीजन डिमांड तथा सप्लाई को मेंटेन करने की रिपोर्ट तैयार की जाए। अस्पतालों के प्रबंधकों तथा शहर के इच्छुक ऑक्सीजन प्रोवाइडर संस्थाओं, तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर हर स्थिति पर नजर रखी जाएगी। अस्पतालों में उपस्थित स्टाफ को पूर्ण रूप से सुरक्षित रखे जाने की रिपोर्ट, अस्पतालों में उपचार के लिए उपलब्ध दवाई-इंजेक्शनों की आपूर्ति की रिपोर्ट, वेंटिलेटर, आईसीओ, सामान्य बेड, ऑक्सीजन बेड की प्रति घंटा रिपोर्ट पर नजर रखी जाएगी। कोरोना संक्रमित मरीजों की देखभाल व उन्हें उपचार व ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के प्लान पर काम शुरू हो चुका है। गत दिनों जनपद के अस्पतालों में ऑक्सीजन की पूर्ण रूप से सप्लाई न होने से कई लोग जान गवा चुके है। ऐसे में नगर आयुक्त के इस फूल प्रूफ प्लान से जनपद के अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत दूर होगी। ऑक्सीजन की सप्लाई को लेकर नगर आयुक्त ने पीपीई किट पहनकर स्वयं अस्पतालों का निरीक्षण कर प्लान बनाया है। लगातार प्रशासनिक अधिकारियों की टीम तथा अस्पताल के प्रबंधकों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।















