नगर निगम के दो ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई, डीकेएस और शांतनु कंस्ट्रक्शन पर चीफ इंजीनियर ने चलाया हंटर

काम की गुणवत्ता थी खराब, भुगतान रोका, दोबारा से ठेकेदार को कराना होगा काम, नगरायुक्त से हुई थी शिकायत

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। काम की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही बरतने वाले दो ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है। ठेकेदार को फिर से काम कराने को कहा गया है। जब तक गुणवत्तापूर्वक काम नहीं कराया जाता तब तक ठेकेदार को भुगतान नहीं किया जाएगा और भविष्य में इस तरह की गलती करने पर फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। जिन कार्यों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होगा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर स्वयं मौके पर जाकर जांच कराएंगे। ज्ञात हो कि चार दिन पूर्व चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने सभी जोन में चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की जांच की और कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया।

कुछ कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगरायुक्त को शिकायत मिली थी। इन कार्यों की जांच की गई तो काम गुणवत्तापूर्ण नहीं थे। डीके एस कंस्ट्रक्शन और शांतनु कंस्ट्रक्शन के कुछ कार्यों को मानक के अनुरूप नहीं पाया। सौर ऊर्जा मार्ग पर जो काम कराये गये हैं, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब थी। ठीक इसी तरह वसुंधरा में एक डेंस का काम कराया गया था, वह भी खराब था। दोनों सड़कों को फिर से उखाड़ कर नई सड़क बनाने के लिए ठेकेदार को कहा गया है। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर दोनों फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एनके चौधरी
चीफ इंजीनियर गाजियाबाद नगर निगम

चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि डीके एस कंस्ट्रक्शन और शांतनु कंस्ट्रक्शन द्वारा कराये कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता खराब मिली। ठेकेदार को तुरंत पुरानी सरफेस हटाकर नई सरफेस डालने को कहा गया है। जब तक कार्य गुणवत्तापूर्वक नहीं किया जाता तब तक कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। एक सौर ऊर्जा मार्ग का काम है और दूसरा वसुंधरा क्षेत्र में है। सभी जोन के जेई को भी ताकीद की गई है कि वह अपने जोन में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखें। खराब काम करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने की भी कार्रवाई की जाएगी।