राजनगर एक्सटेंशन की हम-तुम रोड का टोटल सर्वे शुरू,मिलेगी जाम से निजात

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण(जीडीए)ने राजनगर एक्सटेंशन की हम-तुम रोड का टोटल सर्वे का काम शुरू कर दिया है। इससे क्षेत्रीय विकास और ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए यह अहम कदम उठाया जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के नेतृत्व में 24 मीटर जोनल प्लान रोड (हम तुम रोड) का कायाकल्प किया जा रहा है। इस सड़क का टोटल स्टेशन सर्वे जीडीए अभियंत्रण जोन-1 की टीम द्वारा किया जा रहा है। हम तुम रोड के निर्माण से दिया ग्रीन,निलाया ग्रीन्स,महक जीवन,मीडोज विस्टा और मोती रेजीडेंसी जैसी आदि सोसाइटी को जोड़ने वाला यह मार्ग स्थानीय निवासियों के लिए वरदान साबित होगा। इस क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या अत्यधिक है,जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद यह समस्या दूर हो सकेगी। इसके साथ ही ट्रैफिक भी सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सकेगा।

 

बता दें कि जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने 18 जनवरी शनिवार को संबंधित अधिकारियों के साथ हम-तुम रोड का निरीक्षण का किया था। निरीक्षण के दौरान सड़क के आसपास अवैध निर्माण को हटाने के सख्त निर्देश दिए थे। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर जीडीए टीम ने अवैध निर्माण पर तत्काल ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी,ताकि सड़क निर्माण कार्य को समय पर पूरा किया जा सकें। हम-तुम रोड के निर्माण होने से न सिर्फ स्थानीय निवासियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी,बल्कि जीडीए को इस क्षेत्र में मानचित्र स्वीकृति, विकास शुल्क और कंपाउंडिंग शुल्क के माध्यम से राजस्व में वृद्धि का लाभ भी मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र के सुनियोजित विकास एवं तमाम सोसाइटी निवासियों की मांग को पूरा करेगी। इस सर्वे रिपोर्ट आने के बाद इसे बनाने का फैसला लिया जाएगा। इस रोड के बनने से राजनगर एक्सटेंशन समेत आसपास रहने वाले लोगों को फायदा होगा। बता दें कि इस मार्ग को जोड़ने वाली कई बड़ी गु्रप हाउसिंग सोसायटी है। यहां के लोग काफी समय से रोड का निर्माण कराने की मांग कर रहे थे। कई बार धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं।