गाजियाबाद। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई के सदस्यों ने नवागंतुक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) भवतोष शंखधर का स्वागत किया। दौरान व्यापारियों और सीएमओ के बीच कोरोना के कारण उत्पन्न स्थितियों और वर्तमान में जिले में चल रहे वैक्सीनेशन अभियान के संबंध में चर्चा हुई। व्यापारियों ने सीएमओ को हर प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया। साथ व्यापार मंडल द्वारा राकेश मार्ग पर गांधी आइडियल स्कूल में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचालित वैक्सीनेशन सेंटर के विषय में भी चर्चा हुई। वैक्सीन की कमी के कारण यह सेंटर पिछले 3 दिन से बंद है, जिसके कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया और सुझाव दिया कि जिले में चल रहे प्रत्येक वैक्सीनेशन सेंटर को प्रतिदिन वैक्सीन की कुछ डोज़ अवश्य दी जाएं, जिससे सेंटर प्रतिदिन संचालित हो सकें और वहां पहुंचने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। सीएमओ ने आश्वासन दिया कि व्यापार मंडल के इस सुझाव पर विचार किया जाएगा और वैक्सीन की आपूर्ति सुचारू होने पर सेंटर को शीघ्र चालू कर दिया जाएगा। साथ वैक्सीनेशन महाअभियान के विषय में भी चर्चा हुई, जिसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने व्यापार मंडल से सुझाव और सहयोग मांगा। इस अवसर पर भारतीय व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उदित मोहन गर्ग, सुनील प्रताप सिंह, अतुल मित्तल, संदीप मित्तल, एडवोकेट अमन अग्रवाल, सुनील चौधरी, राजेश चौहान और भीष्म जादौन आदि व्यापारी उपस्थित रहे।
















