गाजियाबाद में सस्ती शराब को मंहगी बोतल में करते थे तब्दील

-3 तस्कर अवैध शराब, नकली बारकोड समेत समेत गिरफ्तार
-खाली बोतल में नकली शराब भर ब्रांडेड शराब का देते थे स्वरूप

गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियात के बाद भी चोरी छिपे तस्कर अवैध शराब का कारोबार करने से बाज नही आ रहे है। आबकारी विभाग ने तीन ऐसे तस्करों को गिरफ्तार किया है। जो दिल्ली से सस्ती शराब लाकर उसे मंहगी शराब की बोतल में भरकर एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में थे। लोहियानगर में एक मकान के कमरे पर किराए पर लेकर यह अवैध शराब भरने का कारोबार कर रहे थे। मगर समय रहते आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से अवैैध शराब एवं खाली बोतल बरामद किया गया। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी निरीक्षक सेक्टर-6 अरुण कुमार, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 आशीष पांडेय, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 अखिलेश बिहारी वर्मा एवं सिहानीगेट पुलिस की संयुक्त टीम ने लोहियानगर क्षेत्र में बुधवार रात दबिश के दौरान वीरपाल यादव निवासी हापुड़, रमेश कुमार निवासी मुरादाबाद व भूपेंद्र कुमार निवासी बदायूं को दिल्ली अग्रेजी शराब को अवैध रूप से खाली बोतलों में भरकर बेचने की तैयारी करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जिनके पास से ऑफिसर चाइस 750 एमएल की 32 बोतल दिल्ली मार्का, इम्पीरियल ब्लू 375 एमएल की 13 बोतल, 180 एमएल की 15 बोतल, रॉयल स्टेज की 375 एमएल 7 बोतल, 180 एमएल 14 बोतल, रॉक फोर्ड 375 एमएल 2 बोतल, मेक डॉवल नंबर-1, 375 एमएल की 1 बोतल, 180 एमएल की 9 बोतल अग्रेजी शराब बरामद किया गया। रॉयल स्टेज की 73 बोतल, मेक डॉवल नंबर-1 की 4 बोतल, ब्लेंडर प्राइड की 3 बोतल, आरसी की 13 बोतल, ऑफिसर चाइस की 2 की खाली बोतल बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों के पास से 440 खाली नए ढक्कन, 640 नकली क्यूआर कोड बरामद किया गया। तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 एवं आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 120बी, कॉपीराइट अधिनियम की धारा 54/63 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया पकड़े गये तस्कर शातिर किस्म के है। जो कि दिल्ली से सस्ते दामों शराब लाकर उसे खाली कर सस्ती शराब को मंहगी शराब की बोतल में भरकर सप्लाई करने की फिराक में थे। लोगों को शक न हो इसके लिए नकली क्यू आर कोड लगाते थे। उन्होंने बताया पकड़े गए अभियुक्तों के अनुसार आरोपी दिल्ली से सस्ती शराब की तस्करी करते थे। ऐसे में नकली व डुप्लीलेट शराब को असली शराब की बोतलों का स्वरूप दिया जाता था, ताकि असली-नकली का फर्क न पता चले और बेहतर कीमत मिल सके। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों की गिरफ्तारी एवं छापेमारी के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही सभी चेक पोस्ट, बोर्डर पर टीम नजर रखें हुए है।

ब्रांडेड बोतल में भरते थे सस्ती शराब
पकड़े गये तस्कर इतने शातिर है कि सस्ती शराब को मंहगे दामों में बेचने का कारोबार करते थे। खाली बोतल खरीदने के बाद उसमें दिल्ली की सस्ती शराब को मंहगे ब्रांड की बोतल में भरकर उसकी पैंकिग कर, मार्किट से कम दाम में बेचते थे। लोगों को शक न हो इसके लिए बोतल पर नकली क्यू आरकोड लगा देते थे। तस्करी करने के लिए आरोपी फोन पर आर्डर लेते थे। फिर फोन पर बताए हुए ठिकाने पर शराब की तस्करी करते थे।