गाजियाबाद में मंत्री वीके सिंह ने कहा कोरोना की तीसरी लहर उठी तब भी नही होगी ऑक्सीजन की किल्लत

-10वा ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन, संसाधनों से युक्त हुआ जनपद
-केन्द्रीय मंत्री ने किया ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन

गाजियाबाद। सड़क परिवहन एवं उड्डयन केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद वीके सिंह ने गुरूवार को नवरात्र के पहले दिन जनपद में 10वें ऑक्सीजन प्लांट का महिला जिला अस्पताल में फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑनलाइन गाजियाबाद सहित देश को पीएम केयर फंड से 35 ऑक्सीजन प्लांट समर्पित किए। कोविड-19 को लेकर नागरिकों को कोरोना वायरस के संभावित तीसरी लहर से बचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के अविलंब प्रयास से जनपद में जिला महिला अस्पताल गाजियाबाद में नया ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया। ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 500 एलपीएम (लीटर पर मिनट) है।

केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि आज नवरात्र का पहला दिन है। नवरात्र में शुभ कार्य शुरू होते हैं, आज गाजियाबाद में 10वा ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया गया है। उम्मीद है कि जिले में लगाए गए ऑक्सीजन प्लांट से आगे आने वाले समय में ऑक्सीजन की कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने मिलकर पूरे देश में ऑक्सीजन के नए प्लांट लगाने की घोषणा की, उसी के तहत जनपद में 9 सरकारी चिकित्सा इकाइयों में कुल 11 ऑक्सीजन प्लांट की स्वीकृति प्रदान की गई थी। क्योंकि कोविड-19 की तीसरी लहर की संभावनाएं जताई जा रही थी। ऐसे में ऑक्सीजन की कमी दोबारा न पड़े। इसके लिए सरकार द्वारा कदम उठाए गए, जिसके तहत जनपद में अब तक 10 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा चुके हैं। जो क्रियाशील है एवं शेष 1 ऑक्सीजन प्लांट लोनी में स्थापित किया जा चुका हैं, जिसका उद्घाटन होना बाकी है।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने कहा जिस तरह से पूरा देश कोविड-19 वैश्विक महामारी की चपेट में आ गया था, कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में जनपद गाजियाबाद के प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के द्वारा युद्ध स्तर पर अपने कार्यों का निर्वाहन किया। जिस कारण कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी पर नियंत्रण पाते हुए जनपद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में अग्रणी स्थान पर रहा। उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, वार्ड बॉय एवं नर्स अन्य स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनपद गाजियाबाद किसी भी परिस्थितियों से निकलने के लिए सभी संसाधनों से युक्त हो चुका है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौरान सबसे अधिक ऑक्सीजन की परेशानी से ही आम नागरिकों को जूझना पड़ा है, जिस समस्या के निवारण के लिए जनपद गाजियाबाद में 11 ऑक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। जिसमें से 10 ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया जा चुका है एवं एक ऑक्सीजन प्लांट लोनी में स्थापित कराया जा रहा है, जिसका जल्द उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 भवतोष शंखधर, सीएमएस जिला महिला चिकित्सालय संगीता गोयल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।