वोटिंग: जनपद में रिक्त 161 सीटों पर मतदान

-14 जून को होगा दिग्गजों के भाग्य का फैसला, 68 फीसद हुआ मतदान

गाजियाबाद। जिले में रिक्त एक ग्राम प्रधान और 74 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए शनिवार को हुए मतदान जिले में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। ग्राम प्रधान पद की एक सीट के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। इन्हें मिलाकर कुल 161 दिग्गज प्रत्याशियों को भाग्य मतदान पेटी में बंद हो गया। शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जिले के चारों ब्लॉक में डाले गए वोट के बाद 68 फीसद मतदान हुआ। एक ग्राम प्रधान पद और 74 ग्राम पंचायत सदस्य के लिए चुनाव मैदान में 161 प्रत्याशी थे। इसके लिए 19,919 मतदाताओं को वोट डालने थे। मगर इनमें से करीब 13,544 मतदाता ही वोट डाल पाए। जिले की 161 ग्राम पंचायतों में 65 ग्राम पंचायतों का कोरम पूरा होने के बाद शपथ ग्रहण हो चुकी हैं। मगर आज जिले के चारों ब्लॉक में 74 ग्राम पंचायत सदस्य और रजापुर ब्लॉक के गांव युसुफपुर मनौटा के प्रधान विजय सिंह की मृत्यु के बाद शनिवार को ग्राम प्रधान पद के लिए उपचुनाव हुआ। सहायक जिला पंचास्थानी निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि जिले में उपचुनाव में करीब 68 फीसद हुआ। 49 पोलिंग बूथों पर वोट डाले गए।जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर सुबह से सभी पोलिंग बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। रजापुर ब्लॉक में एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह जहां मुस्तैद रहे। वहीं,उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास ने टीम के साथ कई पोलिंग बूथों का निरीक्षण करते हए जायजा लिया। इसी प्रकार अन्य एसडीएम भी अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहे। मतदान के लिए रजापुर ब्लॉक के लिए 12 पोलिंग बूथ, भोजपुर ब्लॉक-26 बूथ,लोनी ब्लॉक-6 बूथ और मुरादनगर ब्लॉक के लिए 5 बूथों पर वोट डाले गए। महिलाओं, बुजुर्ग एवं युवाओं ने लाइन में लगकर वोट डाले। जिला प्रशासन ने मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। रिक्त इन सीटों के लिए 161 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जिले के रजापुर, भोजपुर, लोनी, मुरादनगर ब्लॉकों में ग्राम पंचायत सदस्यों की 2141 सीटें हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान 1046 सीटों पर एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया था। इन सीटों पर प्रत्याशी ना चुने जाने के चलते 96 ग्राम पंचायतों का कोरम पूरा नहीं होने की वजह से ग्राम प्रधान से लेकर ग्राम पंचायत सदस्य शपथ ग्रहण नहीं कर पाए हैं। रजापुर ब्लॉक के युसूफपुर मनौटा गांव के ग्राम प्रधान पद के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं,ग्राम पंचायत सदस्यों की 1046 सीटों में से 966 सीटों पर एक-एक प्रत्याशी ने ही नामांकन किया था जिसके बाद इन सभी सीटों पर निर्विरोध चुन लिए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मतदान के लिए 49 बूथों पर वोट डाले गए। भोजपुर ब्लॉक में 39 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 82 प्रत्याशी मैदान में है। लोनी ब्लॉक में 17 ग्राम पंचायत सीट के लिए 36 प्रत्याशी मैदान में है। मुरादनगर ब्लॉक में 6 ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 12 प्रत्याशी और रजापुर ब्लॉक में 12 सीटों के लिए 31 प्रत्याशी मिलाकर कुल 161 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटी में बंद होने के बाद अब 14 जून को सभी चारों ब्लॉक में होने वाली मतगणना के बाद भाग्य का फैसला होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास ने बताया कि जिले के सभी चारों ब्लॉक में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। लगभग 68 फीसद मतदान हुआ। 14 जून को सभी चारों ब्लॉकों में वोटों की मतगणना सुबह 8 बजे से होगी।