लोनी में बुजुर्ग दंपति की हत्या से सनसनी

-वारदात से पुलिस के प्रति जनता में आक्रोश
-बदमाशों ने लूट के बाद डबल मर्डर को दिया अंजाम
-घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे एडीजी, जल्द खुुलासे का निर्देश

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलराम नगर में शुक्रवार शाम को बदमाशों ने लूट कर बुजुर्ग पति-पत्नी की बिजली के तार से गला घोंट कर हत्या करने के मामले में पुलिस शनिवार तक भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। लोनी में हुए दर्दनाक घटना के बाद शनिवार को मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल भी बलरामनगर पहुंचे। एडीजी ने डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक, एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, सीओ अतुल कुमार सोनकर आदि के साथ मृतकों के घर जाकर छानबीन की। दोपहर करीब 2 बजे से तीन बजे एडीजी ने लूट और हत्या के संबंध में जानकारी ली। एडीजी ने एसएसपी एवं एसपी ग्रामीण को हत्याकांड का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। मूल रूप से गांव ढि़कौली जनपद बागपत के रहने वाले 70 वर्षीय किसान सुरेंद्र सिंह ढाका एवं पत्नी संतोष देवी (64), दो बहू और बेटे रवि के साथ यहां बलराम नगर डी ब्लाक में रहते थे। उनके छोटे बेटे गौरव की करीब ढाई साल पहले मौत हो गई थी। इन दिनों उनकी दोनों बहुएं अपने-अपने मायके गई हैं। रवि एक टेलीकाम कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह ड्यूटी पर चले गए। शाम करीब साढ़े छह बजे वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला था। अंदर सामान बिखरे थे। उनके पिता सुरेंद्र प्रथम तल पर औंधे मुंह बिस्तर पर मृत पड़े थे। यह नजारा देखकर वह चीखने लगे और मां को आवाज लगाने लगे। जवाब नहीं मिलने पर मां की तलाश में द्वितीय तल पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। मां संतोष भी मृत पड़ी थीं। उनके गले में बिजली का तार बंधा था। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी फोरेंसिक व डाग स्क्वॉयड के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य एकत्र किए।
ब्याज पर रुपए देने का करता था काम 
बताया गया कि किसान सुरेंद्र लोगों को ब्याज पर रुपए भी देते थे। इससे लोगों को पता था कि घर में नकद रुपए रखे रहते हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि रुपये लूटने के लिए बदमाश घर में घुसे। विरोध करने पर सुरेंद्र व उनकी पत्नी की हत्या कर दी। दूसरी तरफ ब्याज के पैसे के लेनदेन की रंजिश में भी हत्या होने की आशंका व्यक्त की जा रही हैं।एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या लूट करने के बाद विरोध करने पर की गई। इसी आशंका को लेकर जांच की जा रही है। इसमें किसी नजदीकी का हाथ होने की संभावना लग रही हैं। हत्या कांड का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई है। वहीं, मृतकों के बेटे रवि से भी पूछताछ की गई है। पूछताछ में कुछ सुराग हाथ लगे है। हत्या के अन्य कारण भी हो सकते हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही हैं। जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। बदमाशों का फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है। जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा। बता दें कि लोनी में अपराध लगातार बढ़ रहे है।
घटना के वक्त अकेले थे वृद्ध दंपति
पीडि़त मृतक के बेटे रवि ने बताया कि कुछ माह पूर्व छोटे भाई कि दिल्ली इलाके में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बीते माह पूरा परिवार कोरोना महामारी की चपेट में आ गया था। नीगेटिव रिपोर्ट आने के बाद करीब 20 दिन पूर्व भाई कि पत्नी और स्वयं की पत्नी अपने मायके चली गई थी। माता-पिता की सेवा के लिए पीडि़त घर पर ही था। घटना कालोनी में ही किसी काम से गया था। घर पर माता-पिता ही अकेले थे। जब वापस लौटा तो दोनों मृत पड़े मिले।
घटनास्थल पर पहुंचे एडीजी
वृद्घ हत्याकांड खुलासे में उलझे पुलिस महंकमे में हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार को एडीजी राजीव सभरवाल भी लोनी बलरामनगर कालोनी में घटना स्थल पर पहुंचे। लेकिन पूछताछ के बाद वह भी हत्याकांड को लेकर सोचने पर मजबूर रहे। खास बात यह है कि दिनदहाड़े हुई दंपत्ति की हत्या कर आरोपी आसानी से फरार हो गये। लेकिन पड़ोसियों को हुए कांड की भनक तक नही लगी। जबकि वारदात वाले मकान का मैन गेट भी खुला पड़ा हुआ था। एडीजी भी मौका मुआयना कर वासपस खाली हाथ लौट गये।
घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल
डबल मर्डर से लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस लचरता के कारण बदमाश दिनदहाड़े घटनाओं को आसानी से अंजाम दे रहे है। लोगों का कहना है कि वृद्घ दंपत्ति हत्याकांड एक दिल दहला देने वाली वारदात है। अब घनी आबादी के बीच भी लोग रहने से डर रहे हैं। न जाने कब क्या हो जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्डर खुलासा के लिए कई टीम गठित की गई हैं। पुलिस टीम अलग अलग अंगल पर काम कर रही हैं। पुलिस शीघ्र ही मर्डर का खुलासा करने के प्रयास में जुटी हैं।