यशोदा अस्पताल ने एक और उपलब्धि हासिल की

नगर निगम की स्वच्छता प्रतियोगिता में पहला स्थान पाया

गाजियाबाद। यशोदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल गाजियाबाद के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता प्रतियोगिता में यशोदा अस्पताल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ यह संस्थान साफ-सफाई के प्रति अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है। नगर निगम की तरफ से स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था। इस प्रतियोगिता में यशोदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ने भी प्रतिभाग किया था। स्वच्छता के प्रति संस्थान के बेहतरीन कार्य को अब नगर निगम ने भी सराहा है। प्रतियोगिता में हॉस्पिटल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज अग्रवाल का कहना है कि हम अत्यधिक स्वच्छता बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित करते हैं, क्योंकि यह सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान भारत सरकार द्वारा चलाया गया सबसे महत्वपूर्ण स्वच्छता अभियान है। स्वच्छ भारत आज एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है, क्योंकि इसे जनता का अपार समर्थन मिला है।

स्वच्छ भारत अभियान के आरंभ होने के बाद गलियों की सफाई के लिए झाड़ू उठाना, कूड़े-करकट की सफाई, स्वच्छता पर ध्यान केंद्रित करना और अपने चारों ओर स्वास्थ्यवर्धक वातावरण बनाना अब जनता की प्रकृति बन गई है। जनता स्वच्छता ईश्वरत्व के निकट है के संदेश को फैलाने में मदद दे रही है और इस काम में शामिल हो रही है। डॉ. अनुज अग्रवाल ने कहा कि यशोदा अस्पताल प्रबंधन भी स्वच्छता के प्रति हमेशा काफी गंभीर रहा है। आमजन को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपना कर बीमारियों को दूर करना आसान है।