लेखक: संजीव त्यागी
उद्यमी एवं समाजसेवी
(लेखक राजनैतिक एवं सामाजिक विषयों पर बेबाकी से अपनी राय रखतें हैं। सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों से जुड़े रहते हैं। यह लेख उदय भूमि में प्रकाशन के लिए लिखा है। यह लेखक के निजी विचार है।)
उत्तर प्रदेश की सत्ता में भाजपा की वापसी बेहद जरूरी है। केंद्र एवं उत्तर प्रदेश में भाजपा के आने के बाद से विकास की रफ्तार को बढ़ावा मिला है। मोदी और योगी सरकार ने गरीबों के लिए काम किया है। अपराधियों, माफिया और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। देश एवं प्रदेश में आज पहले के मुकाबले हालात काफी बदले हैं। पिछले पांच साल में यूपी की तस्वीर काफी बदली है। इससे जनता को बड़ी राहत मिली है।
आस्था की गंगा और विकास की क्रांति को लेकर भाजपा गंभीर है। चुनावी अभियान में भी भाजपा इन दो बिंदुओं का ध्यान रख रही है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर और विश्नवाथ धाम से सनातन धर्मावलंबियों के दिल में भाजपा ने जगह बना रखी है, मगर उसे मालूम है कि ‘भूखे भजन न होए गोपाला’ मतलब भूखे पेट धर्म नहीं समझ आता। इसीलिए विकास को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब भी भाजपा पूरी आक्रामकता से दे रही है। निवेशक भी फिलहाल भारत की राजनीति पर बड़ा दबदबा रखने वाले सूबे के सियासी संग्राम पर नजरें लगाए हैं।
यूपी को आगे ले जाना है और भारत को विश्व गुरू बनाना है तो मोदी-योगी के हाथ मजबूत करने होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने यूपी के विकास और इसे आगे ले जाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया और यह काम आज प्रदेश में चारों ओर नजर आ रहा है। चाहे विकास की बात हो या कोरोना के आपदा काल में आमजन की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने या सनातन संस्कृति की पुर्नस्थापना का काम यह सभी योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बखूबी किया है। कांग्रेस के शासनकाल में पाकिस्तान से आतंकी आते थे और हमारे जवानों को मार कर चले जाते थे। किसी के माथे पर कोई शिकन नहीं होती थी, मगर मोदी जी के सत्ता संभालने के बाद पाकिस्तान की ओर से की गई हिमाकत का 10 दिन के भीतर मुंहतोड़ जवाब दिया गया।
सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे काम भारतीय सेना ने मोदी जी के सत्ता संभालने के बाद ही किए। विपक्ष को हिंदू आस्था के प्रतीकों को गौरव दिलाने मे बड़ी शर्म आती थी मगर पीएम मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर, काशी में बाबा विश्वनाथ का विराट मंदिर और सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार का काम किया। उन्होंने जो वादे किए उन सभी वादों को पूरा किया। भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास का काम भी बहुत तेजी से किया। जहां आजादी के 75 साल में केवल 12 मेडिकल कॉलेज ही बन पाए थे, वहीं योगी सरकार ने केवल पांच साल में 30 मेडिकल कॉलेज तैयार कर प्रदेश के युवाओं के विकास का रास्ता खोला। कोरोना कोल में बड़ी गरीब जनसंख्या को मुफ्त में राशन बंटवाया।
सीएम योगी ने 15 करोड़ लोगों को मुफ्त में गेंहू, चावल, तेल, नमक और चना देने का काम किया। योगी सरकार ने 86 लाख किसानों को कर्ज एक बार में भी समाप्त कर दिया। वर्षों से बंद पड़े केन-बेतवा लिंक का काम शुरू किया, झांसी में डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण शुरू किया गया। 49 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई का काम शुरू किया। चित्रकूट और ललितपुर में एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं।
बुंदेलखंड की प्यास बुझाने को हर घर नल से जल परियोजना को लागू किया। इस तरह मोदी और योगी के प्रयासों से पिछड़ा समझा जाने वाला बुंदेलखंड अब न केवल विकास की राह पर आगे बढ़ चला है बल्कि देश की रक्षा जरूरतों को साधने का काम भी करेगा। यदि प्रदेश में विकास की इस गाथा को आगे बढाना है तो आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा को जिताना होगा।
















