ब्याज से अतुल गर्ग की है मोटी कमाई, मदन भैया की पत्नी संभालती हैं पशुपालन का कारोबार, सुनील शर्मा के पास नहीं है कारोबार, विधायकों की संपत्ति में हुई है खूब बढ़ोतरी

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद के पांचों मौजूदा विधायकों की संपत्ति में पिछले पांच साल में कई गुना की वृद्धि हुई है। भाजपा सरकार में मंत्री अतुल गर्ग को ब्याज से मोटी कमाई होती है। पांच साल के भीतर उनकी कमाई पांच करोड़ रुपए बढ़ी है। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा पेशे से कारोबारी नहीं हैं, मगर वह करोड़पति हैं। लोनी विधायक नंदकिशोर गुजर्र की चल-अचल संपत्ति में 54 लाख रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है। इसी प्रकार सपा-रालोद गठबंधन के साहिबाबाद और लोनी प्रत्याशी भी करोड़पति हैं। गाजियाबाद के भाजपा विधायकों की संपत्ति में पांच साल में कई गुना का उछाल आया है। किसी की दोगुना तो किसी की संपत्ति में पांच गुना तक वृद्धि हुई है। गाजियाबाद सीट से विधायक एवं मंत्री अतुल गर्ग की कमाई का एक बड़ा हिस्सा ब्याज का पैसा है, जो उन्हें प्राप्त होता है।

5 साल में बढ़ गई अतुल गर्ग की प्रॉपर्टी
गाजियाबाद शहर सीट से भाजपा विधायक अतुल गर्ग दोबार से चुनाव मैदान में हैं। वह विधायक के अलावा मंत्री भी हैं। अतुल गर्ग के पास सिर्फ 76 हजार 735 रुपए कैश है। आधा दर्ज बैंकों में उनके खाते हैं। अतुल गर्ग के पास लगभग 14 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषण हैं। जबकि उनकी पत्नी पर करीब ढाई करोड़ रुपए के जेवरात हंै। भाजपा प्रत्याशी गर्ग लगभग साढ़े 14 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ पत्र में मंत्री ने बताया है कि उनकी आय का स्त्रोत विधायक वेतन के अलावा ब्याज का पैसा है। 2017 के चुनाव के समय उनके पास यह संपत्ति साढ़े 9 करोड़ रुपए की थी, जो 5 साल में 5 करोड़ रुपए बढ़ गई। यानि प्रतिवर्ष एक करोड़ की वृद्धि हुई है।

बगैर कारोबार के सुनील शर्मा की संपत्ति में वृद्धि
जनपद गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट से भाजपा विधायक एवं मौजूदा प्रत्याशी सुनील शर्मा की संपत्ति पांच साल में पांच गुना बढ़ी है। 2017 के चुनाव में दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक उनके पास कैश, जेवरात, रिवॉल्वर, एफडी मिलाकर 6 लाख 51 हजार रुपए थे। 2022 के शपथ पत्र में उनके यही साढ़े 6 लाख रुपए बढ़कर अब 29 लाख 32 हजार रुपए हो गए हैं। मधुबन बापूधाम में उनके पास मकान है। इस मकान की वर्तमान कीमत 90 लाख रुपए है। इसके अलावा विधायक को सवा लाख रुपए प्रतिमाह सरकार से वेतन मिलता है। जबकि उनकी पत्नी 21 हजार रुपए प्रतिमाह ट्यूशन से आय करती हैं। शपथ पत्र के मुताबिक सुनील शर्मा का कोई कारोबार या रोजगार नहीं है।

नंदकिशोर गुर्जर भी पीछे नहीं, 54 लाख रुपए का इजाफा
लोनी क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं मौजूदा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर एक करोड़ 32 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। हालांकि नंदिकशोर के पास नगद कैश सिर्फ 63 हजार रुपए हैं। विधायक के पास 200 ग्राम सोना भी है। 2017 में उनके पास कुल चल-अचल संपत्ति करीब 78 लाख रुपए थी। यानि पांच साल में विधायक की संपत्ति में करीब 54 लाख रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

अमरपाल शर्मा भी हैं मालामाल
साहिबाबाद सीट से सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा हैं। वह पूर्व विधायक भी हैं। उनके पास 80 हजार रुपए कैश है। जबकि बैंक खाता, एफडी, पॉलिसी, वाहन का पैसा मिलाकर उनके पास एक करोड़ 37 लाख रुपए की प्रॉपर्टी है। 2017 में यही रकम 99 लाख रुपए थी। दिल्ली के एक होटल में उनके शेयर भी हैं। इसके अलावा लगभग 14 करोड़ रुपए की विभिन्न संपत्ति हैं। 5 साल पहले इन संपत्तियों की कीमत 12 करोड़ रुपए थी।

कृषि भूमि की आमदनी पर निर्भर मदन भैय्या
लोनी सीट से सपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक मदन भैया पौने 14 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। 2017 में उनकी प्रॉपर्टी की वैल्यू 11 करोड़ 28 लाख रुपए थी। उनके पास कृषि भूमि है, जिससे उन्हें आय की स्त्रोत है, जबकि पत्नी पशुपालन कारोबार संभालती हैं।