गन्ना मूल्य में जल्द वृद्धि कर किसानों को देंगे तोहफा : सुरेश खन्ना
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री एवं जनपद गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने रविवार को कहा कि भाजपा सरकार का पिछले साढ़े 4 साल का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। इस अवधि में बेमिसाल काम कराए गए हैं। जनता को भी राहत मिली है। माफिया, अपराधियों और भ्रष्टाचारियों पर सरकार ने शिकंजा कसा है। अवैध संपत्तियों को जब्त किया गया है। सरकार जल्द गन्ना मूल्य में वृद्धि कर किसानों को बड़ी राहत प्रदान करेगी। जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना रविवार को योगी सरकार की साढ़े 4 साल की उपलब्धियों को बताने के मकसद से गाजियाबाद आए थे। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा कराए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।
मंत्री सुरेश खन्ना ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसएसपी पवन कुमार, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, सीडीओ अस्मिता लाल, परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित, जिला अर्थ एवं सांख्यिकीधिकारी वीर सिंह के अलावा विधायक अजीतपाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा आदि की मौजूदगी में प्रदेश सरकार के साढ़े 4 साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों गिनाते हुए रूबरू कराया। सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश की पूर्व की सपा सरकार में बिजली नहीं आती थी। लोगों ने अपने नाम भी बिजली रख लिए थे।
उन्होंने कहा कि देश में बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम के पीछे बाहर से आयात होने के चलते इंटरनेशनल मार्केट के हिसाब से बढ़ रहे है। सपा सरकार में बिजली नहीं आती थीं। लेकिन प्रदेश में अब भाजपा सरकार में 18 से 20 घंटे बिजली शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में लोगोंं को मिल रही हैं। सुरेश खन्ना ने कहा कि जीडीए की जो कॉलोनी नगर निगम को हैंडओवर नहीं की गई है। नगर निगम को उन कॉलोनियों को जल्द हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए है। गन्ना किसानों की खरीद का प्रदेश में मूल्य बढ़ाया जाएगा। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने करीब 40 मिनट तक प्रदेश की सरकार की साढ़े 4 साल की उपलब्धियां गिनाई।
विकास कार्यों पर खुलकर खर्च
प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जिले में अवस्थापना विकास निधि के तहत साढ़े 4 साल में 2319.44 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए गए। जबकि सांसद निधि से 35.24 करोड़ रुपए से 242 विकास कार्य निधि से कराए गए। केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह की निधि से क्षेत्र में फायर विभाग को 2 फोम टेंडर 69 लाख रुपए की लागत से उपलब्ध कराए गए। 50 लाख रुपए का वॉटर बाऊजर स्वीकृत किया गया। विधायक निधि से जिले में 28.79 करोड़ रुपए से 444 विकास कार्य विधानसभा क्षेत्र में विकास निधि से कराए गए। मुरादनगर सीएचसी में एक एक्सरे मशीन,ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के अलावा मोदीनगर सीएचसी में एक्सरे मशीन उपलब्ध कराई गई।
साहिबाबाद विधायक द्वारा जिला एमएमजी अस्पताल में ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर उपलब्ध कराया गया। वहीं, नगर निगम,नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों मेें 373.85 करोड़ की धनराशि से अवस्थापना के विकास कार्य कराए गए। जबकि जीडीए द्वारा 3847.9 करोड़ रुपए की अवस्थापना विकास निधि से विकास कार्य कराए गए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 21.50 करोड़ रुपए एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत 136435 गोल्डन कार्ड बनाकर वितरित किए गए।
















