ओवैसी के गढ़ में कमल खिलाने की तैयारी

हैदराबाद नगर निकाय चुनाव में उतरी भाजपा
जेपी नड्डा और अमित शाह करेंगे रोड शो

हैदराबाद। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) मुखिया एवं सांसद असद्दुद्दीन ओवैसी के गढ़ हैदराबाद में भाजपा ने एकाएक सक्रियता बढ़ाई है। वहां नगर निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। मेयर की कुर्सी पर काबिज होने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी हैदराबाद में चुनाव प्रचार करने उतरेंगे। पार्टी की इस रणनीति से विपक्षी खेमे में बेचैनी देखने को मिल रही है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को हैदराबाद में रोड शो करेंगे। हैदराबाद के नगर निकाय चुनाव में एक दिसंबर को 150 वार्डों में मतदान होना है। भाजपा ने वीरवार को घोषणा की कि वह महानगर में हाल के समय में बारिश से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 25 हजार की आर्थिक मदद, 100 यूनिट से कम खपत वाले परिवारों को निशुल्क बिजली, महानगर की बसों और मेट्रो ट्रेन में महिलाओं को मुफ्त में सफर करने की सुविधा देगी। निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने घोषणा पत्र जारी किया है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह घोषणा पत्र जारी किया है। घोषणा पत्र में कहा गया है कि केंद्र की सलाह के मुताबिक सभी को कोविड-19 टीका मुहैया कराया जाएगा। कोविड-19 के प्रसार को रोकने हेतु प्रभावी योजना तैयार की जाएगी, जिसमें हर किसी को मुफ्त में वायरस की जांच की सुविधा मिलेगी। घोषणा पत्र में निशुल्क पेयजल आपूर्ति, प्रतिवर्ष 3 नए महिला थानों का निर्माण और महिलाओं के लिए हर एक किलोमीटर पर शौचालय का निर्माण, सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को मुफ्त टैबलेट का भी वादा किया गया है। उधर, हैदराबाद में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी जोरों पर हैं। 150 सीटों के लिए विभिन्न राजनीतिक दल शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। मेयर की सीट पाने को भाजपा काफी उतावली है। इसके लिए वह रणनीति के तहत काम कर रही है।