नई दिल्ली। मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को दीपावली पर्व से पहले गिफ्ट दे दिया है। मोदी कैबिनेट ने केंद्रीय कर्मियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। ऐसे में महंगाई भत्ता बढ़कर अब 31 प्रतिशत हो जाएगा। मोदी कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इससे केंद्रीय कर्मियों को काफी राहत मिली है। महंगाई भत्ता में वृद्धि होने का केंद्रीय कर्मचारियों को काफी समय से इंतजार है। दीपावली पर्व से पहले उनका यह इंतजार समाप्त हो गया है।
मोदी कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला लिया गया। नई दर एक जुलाई से लागू होगी। गत माह 28 सितंबर को पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई थी। उस दरम्यान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पीयूष गोयल ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन, नीतियों और सरकारी घोषणाओं के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया था। इस प्रस्तुतिकरण से पहले तमाम प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन और सरकारी योजनाओं की प्रगति में सुधार तथा इसमें तेजी लाने पर विचार-विमर्श किया गया था।
इससे पहले बैठक के दौरान 14 सितंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दक्षता और समय प्रबंधन पर प्रस्तुतिकरण दिया था। उधर, 21 अक्टूबर को संपन्न केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। प्रस्ताव में महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाने की संस्तुति की गई थी। मंत्रिपरिषद ने विचारोपरांत इस प्रस्ताव को सहमति प्रदान कर दी है। नई दर एक जुलाई से लागू होगी।
















