ज्वैलर्स शोरूम लूट का प्रयास, बदमाशों ने चलाई गोलियां

-अवंतिका में 10 लाख की डकैती के बाद फिर लूट का प्रयास

गाजियाबाद। शहर में बढ़ते अपराधों के चलते पुलिस पर बेखौफ होकर बदमाश भारी पड़ नजर आ रहे है। कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अवंतिका कॉलोनी में बुधवार की रात ढ़ाई बजे पांच नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर जहां डकैती को अंजाम दिया। वहीं,कारोबारी परिवार अभी भी डकैती की घटना के बाद से सदमें में है। डकैती की इस घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस अब बावरिया गिरोह समेत अन्य गिरोह का रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। सिहानी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरूवार को दोपहर में दिनदहाड़े बेखौफ बदमाश सन्त ज्वैलर्स में लूट करने के लिए पहुंचे। ज्वैलर्स शोरूम मालिक द्वारा गेट नहीं खोलने पर बदमाशों ने जमकर गोलियां चलाई। गोलियां चलाते हुए मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। बदमाश स्कूटी और बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर महिपाल सिंह,सिहानी गेट थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंंचे। सीओ ने ज्वैलर्स स्वामी से बातचीत की। मामले की जानकारी लेने के बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई। सन्त ज्वैलर्स शोरूम में नकाबपोश छह बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटने का प्रयास किया। बदमाशों के इरादों को भागते हुए ज्वेलर्स और उनके दो भाई व एक परिचित ने बदमाशों को शोरूम में नहीं घुसने दिया और उनका डटकर मुकाबला किया। अपने आप को गिरा हुआ देखते हुए बदमाशों ने कई गोलियां चलाई और फरार हो गए। स्कूटी और बाइक से पहुंचे बदमाशों द्वारा की गई वारदात से जहां लोगों में दहशत है, वही पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की एक बार फिर कलई खुल कर रह गई है। पुलिस ने मौके से कई खोके बरामद किए हैं और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही हैं। राजनगर एक्सटेंशन की एमजीआई सोसाइटी में रहने वाले तरुण सोनी की राजनगर एक्सटेंशन में ही अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी के गेट पर संत ज्वैलर्स के नाम से शोरूम हंै। गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे तरुण सोनी के अलावा शोरूम पर उनके भाई जितेंद्र सोनी और हिमांशु वर्मा के अलावा एक परिचित दिव्य मौजूद थे। इसी दौरान एक स्कूटी और बाइक पर छह बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने जहां हेलमेट पहने थे, वहीं मुंह ढके हुए थे। बदमाशों ने शोरूम में घुसने का प्रयास किया। इससे पहले की बदमाश शोरूम में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दे पाते वरूण में मौजूद तरुण सोनी समेत सभी लोगों ने उनके इरादों को भांप लिया और शोरूम का गेट बंद करते हुए उन्हें शोरूम में नहीं घुसने दिया। इतना ही नहीं सभी ने बदमाशों का सरिया आदि से डटकर मुकाबला किया। अपने आप को गिरा हुआ देख बदमाश कई गोलियां चलाते हुए फरार हो गए। गोलियां चलने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और वह बदमाशों के फरार होने के बाद मौके पर जमा हुए। सीओ सदर महिपाल सिंह ने बताया कि तरूण की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके से कई खोखे बरामद किए गए हैं। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।