मुंबई के अविघ्न पार्क अपार्टमेंट की घटना, दमकल की 20 गाड़ी पहुंचीं
मुंबई। मायानगरी मुंबई में शुक्रवार को 60 मंजिला इमारत की 19वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। इससे एकाएक हड़कंप मच गया। ऐसे में जान बचाने के लिए एक शख्स बालकनी से बाहर लटक गया। पकड़ कमजोर होने और हाथ छूटने से वह नीचे आ गिरा। मौके पर उसकी मौत हो गई। आग की सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची।
उधर, बीएमसी ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। आग लगने के कारणों की अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। मुंबई के करी रोड पर अविघ्न पार्क अपार्टमेंट है। 60 मंजिला अपार्टमेंट में 19वीं मंजिल पर शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। मुंबई दमकल विभाग के मुताबिक आग में फंसने और जान बचाने के लिए एक शख्स 19वीं मंजिल से कूद गया। आग लगने से समूचे अपार्टमेंट परिसर में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे बीएमसी प्रमुख इकबाल सिंह चहल ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल कूलिंग का काम जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग को काबू करने की कोशिश की थी। घटनास्थल पर दमकल विभाग की 20 गाड़ियां पहुंच गई हैं। हादसे में जान गंवाने वाला शख्स सुरक्षा गार्ड था। वहीं, मुंबई की मेयर पेडनेकर भी मौके पर पहुंचीं। बहुमंजिला इमारत में आग के कारण का पता नहीं चल सका है। एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट को खाली करा लिया गया है।
















