नेहरू वर्ल्ड स्कूल के छात्रों का भारतीय अंडर-17 बास्केटबॉल टीम में शानदार चयन

  • अंश तोमर और शौर्य पांडे एशिया कप में भारत का बढ़ाएंगे मान, विद्यालय और गाजियाबाद का नाम हुआ रोशन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले का नाम एक बार फिर खेल जगत में चमक उठा है। नेहरू वर्ल्ड स्कूल के दो होनहार छात्र अंश तोमर और शौर्य पांडे का चयन भारतीय अंडर-17 बास्केटबॉल टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब आगामी दिनों में मंगोलिया में होने वाले एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि न केवल उनके विद्यालय के लिए गौरव का विषय है बल्कि पूरे गाजियाबाद के लिए भी एक ऐतिहासिक क्षण है। भारतीय बास्केटबॉल टीम के लिए यह चयन आसान नहीं था। दोनों छात्रों को पहले इंदिरा गांधी स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाना पड़ा। यह प्रशिक्षण शिविर 25 जुलाई से 29 अगस्त तक चला। इस दौरान सैकड़ों खिलाडिय़ों ने ट्रायल्स और अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर अंश तोमर और शौर्य पांडे ने अपना स्थान पक्का किया। विद्यालय के एक अन्य छात्र आयुष कुमार ने भी इस प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया और अपने खेल से सबको प्रभावित किया।

हालांकि, अंतिम टीम में जगह नहीं बन पाई, लेकिन उनके प्रयासों ने साबित किया कि गाजियाबाद के बच्चे खेल के क्षेत्र में किसी से कम नहीं। अब एशिया कप में भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया, लेबनान और बहरीन जैसी मज़बूत टीमों से होगा। ऐसे में यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाडिय़ों के लिए एक बड़ा चैलेंज साबित होगी। लेकिन जिस आत्मविश्वास और तैयारी के साथ अंश और शौर्य मैदान पर उतरेंगे, उससे पूरे देश को उम्मीद है कि वे भारत को गौरवान्वित करेंगे। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। नेहरू वर्ल्ड स्कूल ने कहा कि यह केवल दो छात्रों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणा है। विद्यालय ने हमेशा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य सहगामी गतिविधियों में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया है। अंश तोमर और शौर्य पांडे का चयन इस बात का प्रमाण है कि अगर छात्रों को सही वातावरण और अवसर मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय कर सकते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने दोनों छात्रों को हार्दिक बधाई दी और विश्वास जताया कि वे पूरे समर्पण और उत्साह के साथ देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय ने यह भी कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी कठिन परिश्रम और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढऩे के लिए प्रेरित करेगी। गाजियाबाद के खेल प्रेमियों के लिए भी यह एक गर्व का अवसर है। लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में यहां के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। बास्केटबॉल में अंश तोमर और शौर्य पांडे की यह उपलब्धि न केवल खेल के क्षेत्र में गाजियाबाद की स्थिति को मजबूत करती है बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी प्रेरणा देती है। आज गाजियाबाद का हर नागरिक गर्व से कह सकता है कि उनके शहर के छात्र अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की पहचान बन रहे हैं। एशिया कप में जब भारतीय टीम मैदान पर उतरेगी तो गाजियाबाद की धड़कनें भी उनके साथ धड़केंगी।