मोदीनगर में 18 हजार वर्गमीटर में फैली दो अवैध कॉलोनियां ध्वस्त, तीन ओयो होटल सील

-उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 ने की कार्रवाई, कॉलोनाइजरों को नहीं मिला मंजूर नक्शा
-विरोध के बावजूद जीडीए पुलिस ने संभाला मोर्चा, अवैध निर्माण पर कसा शिकंजा
-मोदीनगर में संचालित तीन बिना अनुमति वाले ओयो होटल किए गए सील

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम ने गुरूवार को मोदीनगर क्षेत्र के सीकरी कलां में 18 हजार वर्गमीटर में काटी गई दो अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त करते हुए 3 ओयो होटल पर सीलिंग की कार्रवाई की। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त आदेश के क्रम में अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरूवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय वर्मा,अवर अभियंता योगेश कुमार वर्मा ने जीडीए पुलिस की मौजूदगी में मोदीनगर क्षेत्र के खसरा संख्या-160 मोहम्मदपुर रोड सीकरी कलां में लगभग 8000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में रामनाथ पुत्र छित्तर,राजकुमार पुत्र रघुवीर,रामपाल पुत्र रघुवीर,राजू त्यागी,अनुज शर्मा द्वारा अनाधिकृत रूप से काटी जा रही कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क आदि को ध्वस्त किया गया।

मौके पर कॉलोनी के कोई स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखाए गए। इसके अलावा मोदीनगर के खसरा संख्या-239 सहरावत फार्म वाली सड़क पर अबुपुर रोड रजवाहे पर लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में संजय,योगेन्द्र,अनिल पुत्रगण चमन सिंह,मनोज पुत्र मांगे राम,बबलू चौधरी ग्राम सादाबाद जखेबा,परगना जलालाबाद (अबूपुर) में सड़क पर गिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा है। इन दोनों 18 हजार वर्गमीटर में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर कालोनाइजर द्वारा बनाई जा रही सड़क,भूखंडों की बाउंड्रीवाल,साईट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया गया।

जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय विकासकर्ताओं और निर्माण कर्ताओं ने जमकर काफी विरोध किया। मगर जीडीए पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित करते हुए वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके अलावा मोदीनगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित 3 ओयो होटल को भी सील करने की कार्रवाई की गई। जीडीए की ओर से आगामी माह में भी अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और सीलिंग की कार्रवाई के लिए अभियान जारी रहेगा।