40 करोड़ की भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को फिर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के क्रम में नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र के सेक्टर-81, ग्राम भूडा में नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त खसरा नंबर-103म एवं 104म की भूमि पर अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कराया गया। करीब 8 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था। नोएडा प्राधिकरण के भूलेख विभाग, वर्क सर्किल की संयुक्त टीम एवं नोएडा पुलिस बल द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। प्रश्नगत भूमि का महायोजना-2031 के अनुसार भू-उपयोग औद्योगिक है। नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति/संस्था को नोएडा की अनुमति के बिना भू-परिवर्तन करने का अधिकार नहीं है। नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण नोएडा प्राधिकरण की अनुमति के बिना अनुमन्य ही नहीं है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेवरी का कहना है कि अतिक्रमण को कतई बरदाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। अतिक्रमण मुक्त भूमि की कीमत करीब 40 करोड़ रुपए है।