180 दागियों के डीएम ने किए शस्त्र लाइसेंस निरस्त

गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन-पुलिस ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने पूर्व के चुनाव में माहौल खराब करने वाले 180 दागियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। एसएसपी अमित पाठक ने इन दागियों के आपराधिक इतिहास के आधार पर इन शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट बनाकर भेजी थी। जिलाधिकारी ने एसएसपी की संस्तुति रिपोर्ट के आधार पर इन शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कर दिया। चुनाव में मतदाताओं को डराने, धमकाने, लड़ाई-झगड़ा करने समेत माहौल खराब करने की आशंका को देखते हुए जनवरी-2021 से ही पुलिस ऐसे लोगों को चिन्हित कर रही हैं। जिले में जहां 3500 लोगों को मुचलका में पाबंद किया जा चुका है। वहीं,चुनाव में माहौल खराब न कर सके। इसलिए ऐसे शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है,पूर्व के चुनाव में इन पर इस तरह के आरोप लग चुके हैं। पुलिस ने इसमें उन लोगों को भी शामिल किया है,जिन पर शस्त्र का दुरूपयोग करने का आरोप लग चुका है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि जनवरी-2021 से अभी तक 180 शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी को भेजी गई थी।इनके अलावा भी कुछ अन्य को चिन्हित कर जल्द रिपोर्ट भेजी जाएगी। बता दें कि जिले में कुल 14,743 शस्त्र लाइसेंस धारक है। चुनाव के चलते इनमें से 13,270 के शस्त्र लाइसेंस थाने में जमा कराए जा चुके है। बाकी 1473 शस्त्र लाइसेंस अभी तक जमा नहीं किए गए है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि जनवरी-2021 से लेकर एसएसपी द्वारा भेजी गई संस्तुति रिपोर्ट के आधार पर 180 शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए है। इन पर पूर्व में चुनाव में माहौल खराब करने से लेकर शस्त्र का दुरूपयोग किया गया। शस्त्र के बल पर मतदाताओं को धमकाने के आरोप लगे। इनके अलावा अन्य आपराधिक मामलों में आरोपित शस्त्र लाइसेंस धारक है,शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति के आधार पर इन्हें निरस्त किया गया। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी लाइसेंस निरस्त करने के बाद नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं।